ईवीएम को लेकर छिड़ी रार, हरीश रावत ने जताई छेड़छाड़ की आशंका, भाजपा बोली हार का डर
ईवीएम को लेकर भाजपा, कांग्रेस में छिड़ी बहस
देहरादून, 19 फरवरी। उत्तराखंड में अब ईवीएम को लेकर रार छिड़ी हुई है। कांग्रेस नेता और पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने ईवीएम के साथ छेड़छाड़ करने की आशंका जताई जिसके पीछे हरीश रावत का तर्क है कि बीजेपी की स्थिति पराजय की है, इसलिए हार के डर से ईवीएम के साथ छेड़छाड़ की संभावना भी है। इसके साथ ही हरीश रावत ने ईवीएम मशीन के साथ मतपत्र को भी बदलने का आशंका जताई है। हरीश रावत के इस बयान पर भाजपा की ओर से पलटवार आया है। भाजपा के प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर सिंह चौहान ने कहा कि रावत को ईवीएम का नहीं, बल्कि कांग्रेस की हार का भय सता रहा है। इसीलिए वह स्ट्रांग रूम के बाहर कांग्रेसियों की ड्यूटी लगा रहे हैं। उन्होंने कहा कि मतदान से पहले तक यशपाल आर्य को मुख्यमंत्री बनाने का झूठा सपना दिखाने वाले रावत की असल मंशा अब उजागर हो गई है। अब वे स्वयं दिन में ही मुख्यमंत्री होने का सपना देख रहे हैं और इसी भ्रम में घोषणाएं करने पर तुले हैं।

हरीश रावत ने जताई छेड़छाड़ की संभावना
उत्तराखंड में 14 फरवरी को मतदान हो चुका है। अब 10 मार्च को परिणाम आने हैं। इस बीच ईवीएम स्ट्रांग रुम में रखी गई हैं। जो कि निर्वाचन आयोग की खास मॉनिटरिंग और विशेष सुरक्षाकर्मियों की थ्री लेयर में रखे गए हैं। लेकिन कांग्रेस को इस पर भी संदेह है। कांग्रेस नेता हरीश रावत ने इस पर आशंका जताई है। जिसके बाद ईवीएम को लेकर भी बहस छिड़ी हुई है। पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने कहा कि जो खबरें आ रही हैं उससे यह प्रतीत होता है कि अलीगढ़ के ताले हैं जो स्ट्रांग रूम में लगवाए हैं। उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड में बीजेपी की जो स्थिति है वह निश्चित तौर पर पराजय की है, इसलिए हार के डर से ईवीएम के साथ छेड़छाड़ की संभावना भी है। ईवीएम मशीन के साथ मतपत्र को भी बदला जा सकता है। हरीश रावत ने कहा कि यह नई बात नहीं है कि उत्तराखंड में इस तरह की घटना को अंजाम दिया जा सकता है क्योंकि उन्हें ऐसे इनपुट मिले हैं कि इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन को बदला भी जा सकता है। ईवीएम पर कांग्रेस अपनी नजर बनाए रखेगी। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने अपने जिलों के जिलाध्यक्षों को स्ट्रांग रूम के बाहर कड़ी नजर रखने के निर्देश जारी किए हैं।
भाजपा का तंज, हार का डर सता रहा
जिसके बाद भाजपा ने पलटवार किया है। भाजपा नेता मनवीर चौहान ने कहा कि एक तरफ कांग्रेस के दूसरे नेता अपनी पार्टी के घोषणा पत्र की पोल खोल रहे हैं, वहीं हरीश रावत एक कदम आगे बढ़ते हुए स्वयं को भावी मुख्यमंत्री मान रहे हैं। उन्होंने कहा कि रावत अनुभवी नेता हैं और उन्हें अपनी हार का अंदेशा हो गया है। इसीलिए वह अभी से हार के कारण तलाशते हुए ईवीएम और मतपत्रों की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़ा करते हैं। उन्होंने कहा कि मतगणना के बाद यही कांग्रेस नेता अपनी हार के लिए ईवीएम की तकनीक पर अंगुली उठाते नजर आएंगे। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत व कांग्रेस की विश्वसनीयता का ढोल जनता के सामने फूट चुका है और रावत हैं कि वादों के फटे ढोल को बजाने में लगे हैं।












Click it and Unblock the Notifications