Uttrakhand news: चुनावी साल में खास रहा रक्षाबंधन, राखी के बहाने वोटबैंक की डोर थामने की कवायद
कांग्रेस की और से पूर्व सीएम हरीश रावत और आप के सीएम फेस कर्नल अजय कोठियाल को महिलाओं ने बांधी राखी
देहरादून, 22 अगस्त। चुनावी साल में त्यौहारों पर भी राजनीति का रंग नजर आने लगा है। रक्षाबंधन पर्व पर भी नेता राखी के बहाने महिलाओं के वोटबैंक की डोर पकड़ने की कोशिश करते नजर आए। रक्षाबंधन पर्व पर देहरादून में राजनैतिक दलों की और से कई कार्यक्रम आयोजित हुए। कांग्रेस भवन में पूर्व सीएम हरीश रावत और आप पार्टी कार्यालय में सीएम के चेहरे कर्नल अजय कोठियाल को कार्यकर्ताओं ने राखी बांधी। राजनैतिक दल कार्यक्रमों में चुनावी साल के मुद्दे और महिलाओं से जुड़ी योजनाओं का जिक्र करना नहीं भूले।

महिलाओं से जुड़ी कल्याणकारी योजनाओं को वापस लाने का दावा
प्रदेश कांग्रेस कमेटी के कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में कांग्रेस के दिग्गज नेता हरीश रावत की और से रक्षाबंधन पर भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया। जिसमें विभिन्न क्षेत्रों से आई महिला कार्यकर्ताओं ने हरीश रावत को राखी बांधी। हरीश रावत ने रक्षाबंधन की बधाई देते हुए कहा कि रक्षाबंधन का त्यौहार भाई बहन के पवित्र रिश्ते की याद दिलाता है। रक्षाबंधन पर बहन भाई की कलाई पर राखी बांधती है और उसके सुखी जीवन की प्रार्थना करती है और अपनी हर प्रकार की सुरक्षा का वचन लेती है। हरीश रावत ने कहा कि महिलाएं आज हर क्षेत्र में पुरुषों से आगे निकल चुकी हैं। देश का नेतृत्व कर चुकी महिलाओं का जिक्र करते हरीश रावत ने कहा कि महिलाओं में नेतृत्व की क्षमता पुरुषों से अधिक होती है। रावत ने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने प्रदेश की सत्ता में रहते हुए महिला कल्याण के लिए कई योजनाएं लाई। लेकिन बीजेपी ने सत्ता में आते ही कई कल्याणकारी योजनाओं को बंद करवा दिया। उन्होंने कहा कि आज रक्षाबंधन का त्यौहार है और संकल्प यह कि कांग्रेस सरकार के आते ही महिलाओं के आर्थिक स्वावलंबन और सार्वभौमिक पुष्टाहार योजना को चलाया जाएगा उन्होंने दोहराया कि योजनाएं आती जो भी योजनाएं बीजेपी शासन काल में बंद की गई है वह दोबारा से शुरू की जाएगी। बता दें कि हरीश रावत लगातर महिलाओं के लिए 200 रुपए की गैस सब्सिडी देने का वादा कर चुके हैं इसे भी वे रक्षाबंधन पर जमकर प्रचार-प्रसार करते दिखे।
Recommended Video
कर्नल का दावा-6 माह बाद बदल देंगे तस्वीर
आप के सीएम चेहरे घोषित होने के बाद से कर्नल अजय कोठियाल भी पार्टी का जमकर प्रचार-प्रसार में जुट गए हैं। रक्षाबंधन पर्व पर पार्टी प्रदेश कार्यालय में अजय कोठियाल ने बहनों से राखी बंधवाई। इस मौके पर कई बहनों समेत अन्य पार्टी कार्यकर्ता कार्यालय में मौजूद रही। बहनों ने इस अवसर पर कर्नल कोठियाल को फूल मालाओं से स्वागत किया और रक्षा सूत्र पहनाया साथ ही कर्नल का मुंह भी मीठा कराया। आप महिला कार्यकर्ताओं ने कर्नल कोठियाल को राखी बांधकर उनके उत्तराखंड नव निर्माण की प्रार्थना की और उनसे अपने इस अभियान को सफल करने का संकल्प लिया। बहनों से रक्षा सूत्र बंधवाकर कर्नल कोठियाल ने कहा कि आज का दिन बहुत ही पवित्र है और यह त्यौहार भाई और बहन के प्यार का पर्व है। कर्नल ने कहा कि हम भी प्रदेश के नव निर्माण और बहनों की खुशहाली के लिए प्रण ले चुके हैं और यही कामना करते हैं कि सभी बहने और महिलाएं हमारे साथ मिलकर चलेंगे। जो सपना हमने प्रदेश के नव निर्माण के लिए देखा है वह सपना जरूर आने वाले समय में पूरा होगा। कर्नल ने कहा कि हम अपनी बहनों को वचन देते हैं कि बस 6 महीने का इंतजार कीजिए आपका भाई आप की सरकार बनते ही बहनों के सभी समस्याओं को समाधान के लिए काम करेगा।
सीएम ने सादगी से मनाया पर्व
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मुख्यमंत्री आवास में रक्षाबंधन के अवसर पर नारी निकेतन से आई बालिकाओं और अन्य बहनों से राखी बंधवाई। उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह के निधन पर उत्तराखंड में 1 दिन का राजकीय शोक होने से सीएम आवास में रक्षाबंधन पर आयोजित कार्यक्रम को रद कर दिया गया था। लेकिन नारी निकेतन से आई बालिकाओं को इसकी जानकारी ना होने कारण वे सीएम आवास पहुंच गई थी। जिसके बाद मुख्यमंत्री ने राखी बंधवाई।












Click it and Unblock the Notifications