'राहुल गांधी कोई ऐसा काम करते हैं जो उनका अनुसरण किया जाए': CM धामी ने किनको और क्यों दिया करारा जबाव
CM pushkar Dhami उत्तराखंड के सीएम पुष्कर सिंह धामी ने खटीमा में अपने खेतों में धान की रोपाई कर किसानों के परिश्रम को याद किया। इस दौरान सीएम धामी की बैलों के साथ खेत की जुताई और खेतों में पाटा चलाते हुए तस्वीरें भी वायरल हो गए। इन तस्वीरों के सामने आने के बाद से प्रदेश में सियासत भी गरमा गई है।
कांग्रेस ने इसे राहुल गांधी का अनुसरण करना ठहरा दिया। पूर्व सीएम हरीश रावत ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए कहा कि पुष्कर जी देखकर अच्छा लगा आपने कम से कम इस दिशा में राहुल गांधी का अनुसरण किया। बता दें कुछ समय पहले राहुल गांधी भी खेत में रोपाई करते हुए नजर आए थे।

इसी फोटो को आधार बनाकर कांग्रेस ने सीएम धामी को घेरने की कोशिश की। लेकिन सीएम धामी ने कांग्रेस पर जमकर पलटवार किया है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि हरीश रावत बहुत वरिष्ठ नेता हैं और वो उनका बहुत सम्मान करते हैं, लेकिन वो भी भली भांति जानते हैं और अपने हृदय पर हाथ रखेंगे, तो पता चलेगा कि क्या राहुल गांधी कोई ऐसा काम करते हैं, जिसका अनुसरण किया जाए? अगर हरीश रावत से पूछा जाए तो वो भी मना करेंगे. हालांकि, इस बात को वो कभी स्वीकार नहीं करेंगे।
एक दिन में बैलों को पकड़कर पटेला नहीं चला सकता
सीएम ने कहा कि ये उनका पहले से बना बनाया कार्यक्रम नहीं था, वो छोटे से ही खेत में काम करने जाते थे। वो अपने खेत में पटेला चला रहे थे, और कोई भी व्यक्ति एक दिन में बैलों को पकड़कर पटेला नहीं चला सकता है। साथ ही सीएम ने कहा कि वो किसी अन्य खेत में कोई कार्यक्रम करने नहीं गए थे, वो उनका खुद का खेत है। सीएम धामी ने कहा कि वो एक संदेश देने गए थे कि किसान हमारे अन्नदाता हैं।
मीठा भात बनेगा, सबको निमंत्रण देंगे
सीएम ने कहा कि जिस खेत में वो हल चला रहे थे वो उनका पुश्तैनी खेत है, जहां पर उनके माता-पिता और दादा सालों से खेती का काम करते रहे हैं। सीएम ने कहा कि ये बयानबाजी सिर्फ फेस सेविंग की बातें हैं. ऐसे में वो हरीश रावत और अन्य विपक्षी दलों को कहना चाहते हैं कि उस जमीन पर उन्होंने भी अपने माता-पिता के साथ कई सालों तक पसीना बहाया है। धामी ने कहा कि जो रोपाई की है उसमें धान उगेंगे, धान से चावल निकलेंगे और उस चावल का बहुत मीठा भात बनेगा, उसको सबको निमंत्रण देंगे।












Click it and Unblock the Notifications