देहरादून के प्रसिद्ध झंडे मेले की तैयारियां शुरू, जानिए कब से है मेला, क्या है ऐतिहासिक महत्व
देहरादून का ऐतिहासिक मेला झंडे मेले की तैयारियां जोरशोर से शुरु हो गई हैं। 19 मार्च को झण्डे जी आरोहण के साथ ही इस साल के लिए झण्डे मेले का शुभारंभ हो जाएगा। इससे पूर्व दरबार श्री गुरु राम राय महाराज में झंडा साहिब की विशेष पूजा अर्चना व अरदास की गई।
दरबार श्री गुरु राम राय महाराज, देहरादून के सज्जादानशीन, गद्दीशीन महंत देवेन्द्र दास महाराज के नेतृत्व में एक दल अराईयांवाला, हरियाणा के लिए रवाना हुआ। वहां पर झण्डे जी का आरोहण किया गया। पहले पुराने झंडे जी को उतारा गया।

दूध, दही, घी, मक्खन, गंगाजल और पंचगब्यों के साथ श्री झण्डे जी को स्नान कराया गया। हजारों श्रद्धालुओं की उपस्थिति में 60 फीट ऊंचे श्री झण्डे जी का आरोहण किया गया। देर शाम तक हजारों की संख्या में मौजूद संगते श्री गुरु राम राय महाराज की महिमा के जयकारे लगाती रहीं। इससे पूर्व परंपरा के अनुसार 08 मार्च को श्री दरबार साहिब केे पुजारी, श्री दरबार साहिब देहरादून के सज्जादानशीन श्रीमहंत देवेन्द्र दास महाराज का हुक्मनामा लेकर बड़ा गांव हरियाणा रवाना हुए थे। इसके बाद ही पैदल संगत देहरादून की ओर बढ़ना शुरू करती हैं।
12 मार्च को पैदल संगत देहरादून में प्रवेश करेगी। 12 मार्च की शाम को पैदल संगत श्री दरबार साहिब में पहुंचेगी। श्री झण्डा जी मेला आयोजन समिति के मुख्य व्यवस्थापक मधुसूदन सेमवाल ने जानकारी दी कि श्री झण्डे जी मेले की तैयारियों में तेजी आ चुकी है। 15 मार्च से देश-विदेश की संगतों का श्री दरबार साहिब पहुंचने का क्रम और तेज हो जाएगा। 18 मार्च को परंपरा के अनुसार पूरब की संगत की विदाई होगी। 19 मार्च को श्री झण्डे जी आरोहण के साथ ही इस साल के लिए श्री झण्डे जी मेले का शुभारंभ हो जाएगा।
ऐतिहासिक महत्व
सिखों के सातवें गुरु श्री गुरु हर राय के बड़े पुत्र श्री गुरु राम राय महाराज का जन्म सन 1646 में पंजाब के कीरतपुर के होशियारपुर जिले में हुआ था। उन्होंने देहरादून को अपनी तपस्थली चुना और दरबार साहिब में लोक कल्याण के लिए विशाल झंडा लगाकर श्रद्धालुओं को ध्वज से आशीर्वाद लेने का संदेश दिया था। होली के पांचवें दिन चैत्रवदी पंचमी को श्री गुरु राम राय महाराज के जन्मदिवस के रूप में मनाया जाता है और इसी दिन से झंडा मेला का आयोजन किया जाता है।












Click it and Unblock the Notifications