जम्मू कश्मीर के शोपियां में शहीद हुए प्रवीन सिंह का सैन्य सम्मान के साथ अंतिम संस्कार, नम आंखों से दी गई विदाई
जम्मू कश्मीर में आतंकी धमाके में शहीद हुए थे प्रवीन सिंह
देहरादून, 5 जून। जम्मू कश्मीर के शोपियां में शहीद हुए टिहरी जिले के शहीद प्रवीन सिंह का सैन्य सम्मान के साथ घनसाली स्थित पैतृक गांव पुंडोली में अंतिम संस्कार किया गया। इस दौरान भारत माता की जय और शहीद प्रवीन के अमर रहे नारे से पूरा माहौल गमगीन नजर आया। शहीद को अन्तिम विदाई देने के लिए भारी संख्या में लोगों की भीड़ उमड़ी। इस मौके पर घनसाली और टिहरी के विधायक भी मौजूद रहे।

2 जून को आतंकी धमाके में हुए थे घायल
2 जून को जम्मू कश्मीर के शोपियां में आंतकियों के खिलाफ राष्ट्रीय राइफल की टुकड़ी जब सर्च ऑपरेशन चला रही थी तो वहां अचानक धमाका हो गया। इस धमाके से कई जवान घायल हो गए। जिसमें टिहरी के गढ़वाल राइफल के जवान प्रवीन सिंह भी शामिल थे, जिन्हें गंभीर रूप घायल होने पर सैन्य अस्पताल लाया गया और अस्पताल में इलाज के दौरान प्रवीन सिंह शहीद हो गए। शहीद होने की सूचना मिलते ही पूरा क्षेत्र और प्रदेश गमगीन हो गया। 3 जून को शहीद प्रवीन सिंह का पार्थिव शरीर जौलीग्रांट एयरपोर्ट लाया गया, जहां से 4 जून को उनके पार्थिव शरीर को उनके पैतृक गांव पुंडोली लाया गया। जहां शहीद के अंतिम दर्शन के लिए लोगों की भीड़ जमा हुई थी। सैन्य सम्मान के साथ प्रवीन का अंतिम संस्कार किया गया। 15 वीं गढ़वाल रायफल के जवान 32 वर्षीय प्रवीन सिंह 2011 में भर्ती हुए थे और उनके पिता प्रताप सिंह भी सूबेदार के पद से रिटायर हैं। प्रवीन अपने पीछे माता पिता,पत्नी और 6 साल के बेटे को छोड़ गए हैं।












Click it and Unblock the Notifications