जागेश्वर में 22 मिनट की पूजा के साथ करेंगे साधना, जानिए पीएम मोदी के पिथौरागढ़ दौरे की खास बातें
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जागेश्वर धाम अल्मोड़ा में 22 मिनट पूजा करेंगे। यहां प्रधानमंत्री 12 अक्टूबर को पहुंचेंगे। सबसे पहले जागेश्वर धाम में पूजा अर्चना कर पीएम मोदी उत्तराखंड के मानसखंड की यात्रा का शुभारंभ करेंगे। मंदिर समिति से प्राप्त जानकारी के अनुसार पीएम जागेश्वर धाम मंदिर में 10 मिनट तक अलग-अलग मंदिरों में पूजा अर्चना करेंगे। इसके बाद 5 मिनट की परिक्रमा का भी पीएम का कार्यक्रम है और फिर 7 मिनट तक भी यहां प्रधानमंत्री साधना करेंगे।

इसके बाद पीएम नरेंद्र मोदी पिथौरागढ़ पहुंचकर आदि कैलाश के दर्शन करेंगे बाद में जनसभा को संबोधित करेंगे। आदि कैलाश, जागेश्वर धाम और पिथौरागढ़ जिला मुख्यालय में आयोजित जनसभा की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। आदि कैलाश में पीएम के स्वागत की तैयारियों को अंतिम रूप दिए जाने का काम तेज हो गया है।
बेस कैंप में रेड कारपेट बिछाया जा चुका है। पार्वती सरोवर में भी पैदल मार्ग तैयार कर लिया गया है। 12 अक्तूबर को पीएम आदि कैलाश आ रहे हैं। पीएम मोदी बेस कैंप में जिस स्थान पर स्थानीय लोगों से मुलाकात करेंगे उस स्थान को भी विशेष रूप से सजाया जा रहा है। यहां पर बनाए गए पथ पर लगभग 50 मीटर तक रेड कारपेट बिछाई गई है।
इसके अलावा पार्वती सरोवर में भी केएमवीएन सभी व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने में जुटा हुआ है। पार्वती सरोवर की चोटी पर सड़क से शिव मंदिर तक पैदल मार्ग बनकर तैयार हो गया है। मार्ग को आरसीसी युक्त बनाया गया है। इस पर 100 मीटर रेड कारपेट बिछाई जाएगी। मार्ग के दोनों ओर रेलिंग लगाने का काम भी पूरा हो चुका है।
पीएम मोदी इस बीच सेना के जवानों और स्थानीय लोगों से भी मुलाकात करेंगे। माना जा रहा है पीएम सीमांत गुंजी गांव के लोगों से अलग से बातचीत कर सकते हैं। इस मुलाकात के बीच पीएम को स्थानीय उत्पाद भी भेंट किए जा सकते हैं। इसके बाद पीएम मोदी की जनसभा पर पूरा फोकस है। हालांकि अब रात्रि विश्राम का उत्तराखंड में कोई कार्यक्रम नहीं रखा गया है।












Click it and Unblock the Notifications