38 वें राष्ट्रीय खेलों में उत्तराखंड के लिए पदक जीतने वाले खिलाड़ियों को जल्द मिलेगी नगद इनाम राशि
38 वें राष्ट्रीय खेलों में उत्तराखंड के लिए पदक जीतने वाले खिलाड़ियों को उनकी नगद इनाम राशि का पैसा जल्द मिलने वाला है। इसके लिए शासन से मंगलवार को 15 करोड रुपए जारी कर दिए गए हैं। खेल मंत्री रेखा आर्या ने यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि 38वें राष्ट्रीय खेलों में प्रदेश के खिलाड़ियों को अच्छे प्रदर्शन के लिए प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से सरकार ने नगद इनाम राशि को दोगुना कर दिया था। खेल मंत्री रेखा आर्या ने बताया कि अब तक के राष्ट्रीय खेलों के इतिहास में स्वर्ण, रजत और कांस्य पदक जीतने पर इतनी नगद इनाम राशि किसी भी राज्य में नहीं दी गई है।

उन्होंने बताया कि व्यक्तिगत और टीम स्पर्धाओं में प्रदेश के लिए पदक जीतने वाले खिलाड़ियों की संख्या कुल मिलाकर 240 के आसपास है। रेखा आर्या ने बताया कि उन्होंने बीते सप्ताह कैबिनेट की मीटिंग में मुख्यमंत्री के समक्ष इस प्रकरण को उठाया था। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने जिस तरह उनके आग्रह पर त्वरित कारवाई की उसके लिए वें मुख्यमंत्री की बहुत आभारी हैं। शासन ने अब इस मद के लिए कुल 15 करोड़ रुपए की धनराशि जारी कर दी है ।
खेल मंत्री रेखा आर्या ने बताया कि जल्द से जल्द कार्यक्रम आयोजित कर सभी पदक विजेताओं को उनकी नगद इनाम राशि वितरित की जाएगी। उन्होंने बताया कि पदक विजेताओं को आउट ऑफ़ टर्न सरकारी नौकरी देने के लिए भी प्रक्रिया चल रही है और इसे भी जल्द से जल्द पूरा किया जाएगा। प्रदेश के चार शहरों में पूरे खेल ढांचे को एकीकृत करके उन्हें नया नाम दिया गया है। देहरादून के रायपुर स्थित सभी खेल अवस्थापनाओं को अब रजत जयंती खेल परिसर के नाम से जाना जाएगा।
खेल मंत्री रेखा आर्या ने बताया कि रजत जयंती खेल परिसर में रायपुर देहरादून स्थित महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स कॉलेज, राजीव गांधी इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम और अन्य सभी खेल अवस्थापनाएं शामिल होंगी। इसी तरह गौलापार हल्द्वानी स्थित इंदिरा गांधी इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम, हॉकी ग्राउंड, तरण ताल, मल्टीपरपज हॉल व अन्य सभी खेल अवस्थनाओं को मिलाकर अब मानसखंड खेल परिसर के नाम से जाना जाएगा।
खेल मंत्री रेखा आर्या ने बताया कि रुद्रपुर स्थित मनोज सरकार स्टेडियम, साइकिलिंग वैलोड्रोम और अन्य खेल अवस्थनाओं को मिलाकर शिवालिक खेल परिसर नाम दिया गया है। इसी तरह हरिद्वार के रोशनाबाद स्थित वंदना कटारिया हॉकी स्टेडियम, मल्टीपरपज हॉल, तरण ताल और अन्य सभी खेल अवस्थनाओं को एकीकृत रूप से योगस्थली खेल परिसर के नाम से जाना जाएगा।
खेल मंत्री ने बताया कि नई स्पोर्ट्स लिगेसी प्लान के तहत सरकार खेल परिसरों में कई नई सुविधाएं लाने की तैयारी कर रही है, यहां राष्ट्रीय अंतरराष्ट्रीय स्तर की कोचों की नियुक्ति भी की जाएगी। इसे देखते हुए खेल परिसरों को एकीकृत किया गया है। खेल मंत्री रेखा आर्या ने बताया कि स्पोर्ट्स लिगेसी प्लान के तहत देश के कई राज्यों के खेल ढांचे का अध्ययन कर सबसे बेहतर कोचिंग और सपोर्टिंग स्टाफ का स्ट्रक्चर तैयार किया गया है। इसमें साई जैसे संस्थानों की भी मदद ली जा रही है।












Click it and Unblock the Notifications