टूटा फूटा घर, मां बेटा मांगकर खा रहे रोटी, वीडियो वायरल हुआ तो डीएम ने उठाए ये कदम, रुला देगी ये कहानी
Pithoragarh news उत्तराखंड के सीमांत जिले पिथौरागढ़ के दूरस्थ क्षेत्र गंगोलीहाट के जमड़कोट गांव में एक परिवार का बेहद गरीबी में जीवन गुजर बसर करने का वीडियो सोशल मीडिया में वायरल हो गया। जिस पर जिलाधिकारी पिथौरागढ़ ने इसका संज्ञान लिया।
पिथौरागढ़ के डीएम आशीष भटगाईं ने जब मां-बेटे का हाल देखा, तो उन्होंने राशन और कपड़े सहित अन्य सामग्री भिजवाई। जिलाधिकारी के निर्देश पर जिला प्रशासन ने तत्काल प्रभाव से कार्रवाई करते हुए संबंधित ग्रामीण परिवार को आर्थिक सहायता प्रदान की और आवश्यक राहत सामग्री, जिसमें खाद्यान सामग्री एवं कम्बल उपलब्ध कराए।

जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया है कि परिवार की सामाजिक एवं आर्थिक स्थिति का आकलन कर आवश्यक शासकीय योजनाओं को भी उपलब्ध कराया जाए। जिलाधिकारी आशीष भटगांई ने स्पष्ट किया कि जनहित से जुड़े सभी मामलों को गंभीरता से लिया जाएगा और आवश्यक करवाई की जाएगी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार सोशल मीडिया में क्षेत्र के सामाजिक कार्यकर्ता भरत परगाई ने एक वीडियो डाला। इसमें एक युवक और उसकी बुजुर्ग मां नजर आ रहे हैं। रात के समय के इस वीडियो में युवक बता रहा है कि वह पड़ोस से रोटियां मांगकर लाया है। उनके पास न तो घर में अनाज है और न ही सामान खरीदने के लिए रुपये हैं। मां बीमार है। कहीं कमाने भी नहीं जा सकता है।
दोनों टूटे-फूटे झोपड़ीनुमा एक कमरे में रह रहे थे। इसका वीडियो सोशल मीडिया में आते ही जमकर वायरल हो गया। जिस पर डीएम ने प्रशासन की टीम को मौके पर भेजा। प्रशासन की टीम ने आटा, दाल, चावल, तेल सहित कंबल एवं 5 हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की।
साथ ही डीएम ने अन्य योजनाओं का लाभ भी देने के निर्देश दिए हैं। युवक ने बताया कि वह पहले मजदूरी करके कमा खा लेता था, लेकिन जब से मां बीमार हुई है, वह कहीं नहीं जा पा रहा है, जिस वजह से घर की ऐसी हालत हो गई है।












Click it and Unblock the Notifications