National Games Uttarakhand: पूर्व कोच मीररंजन नेगी ने चखा खिलाड़ियों का भोजन, कहा- जितनी तारीफ की जाए, कम है
National Games Uttarakhand 2025: भारतीय हॉकी टीम के पूर्व गोलकीपर और "चक दे इंडिया" फेम मीररंजन नेगी ने उत्तराखंड में आयोजित राष्ट्रीय खेलों के दौरान खिलाड़ियों और अन्य स्टाफ को उपलब्ध कराए गए भोजन की गुणवत्ता और शुद्धता की जमकर तारीफ की है।
मंगलवार को हरिद्वार में वंदना कटारिया हॉकी स्टेडियम में पहुंचे नेगी ने कहा कि वे नियमित रूप से बड़े खेल आयोजनों का हिस्सा बनते हैं, लेकिन उत्तराखंड में हो रहे राष्ट्रीय खेलों में भोजन की पौष्टिकता, शुद्धता और गुणवत्ता की जो व्यवस्था देखने को मिल रही है, वह बहुत कम ही देखने को मिलती है। इसके लिए खाद्य संरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग की जितनी तारीफ की जाए, कम है।

नेगी ने बताया कि खिलाड़ियों को अगर पौष्टिक और गुणवत्ता युक्त भोजन न मिले तो इससे उनका प्रदर्शन प्रभावित हो सकता है। इसके लिए खाद्य संरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग हर एक भोजन की गुणवत्ता की जांच करते हुए नियमित निगरानी कर रहा है।
नेशनल गेम्स के दौरान खाद्य संरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग के नोडल अधिकारी गणेश चंद्र कंडवाल ने बताया कि भोजन की गुणवत्ता, स्वच्छता और पौष्टिकता सुनिश्चित करने के लिए 18 टीमें गठित की गई हैं। खिलाड़ियों के ठहरने वाले होटलों के साथ-साथ आयोजन स्थल पर मिलने वाले भोजन के लिए एसओपी (मानक संचालन प्रक्रिया) भी जारी की गई है। इसके अलावा, मोबाइल टीम द्वारा भोजन की गुणवत्ता पर निगरानी रखी जा रही है और भोजन में स्थानीय उत्पादों को भी शामिल किया गया है।












Click it and Unblock the Notifications