राजस्थान का नासिर कर रहा था फर्जी वेबसाइट से उत्तराखंड के आश्रमों की कमरों की बुकिंग, ठगों से हो जाएं सावधान
उत्तराखंड घूमने आने और आध्यात्म के लिए सूकून की तलाश में आ रहे लोगों के लिए ये खबर जरुरी है। इन दिनों सोशल मीडिया पर फर्जी वेबसाइट के जरिए ऑनलाइन कमरे बुक करने का धंधा जमकर चल रहा है। ऐसे में अगर घर बैठे आश्रमों या होटलों की बुकिंग कर रहे हैं तो सावधान हो जाएं।
इसके लिए क्रॉस चेक करने के बाद ही बुकिंग करें। पौड़ी गढ़वाल जिला पुलिस ने ऐसे गिरोह का पर्दाफाश किया है जो कि आश्रमों की फर्जी वेबसाइट बनाकर ऑनलाइन कमरे बुक करने का धंधा चला रहा था। पुलिस ने राजस्थान से साइबर ठग को पकड़ा है।

पौड़ी पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 22 अगस्त 2024 को गीता भवन के प्रबन्धक गौतम कुमार द्वारा थाना लक्ष्मणझूला में शिकायती प्रार्थना पत्र दिया कि अज्ञात व्यक्तियों द्वारा गीता भवन की फर्जी वेबसाइट बनाकर ऑनलाइन कमरे बुक करने के नाम पर धोखाधड़ी की जा रही है। इस शिकायत पर थाना लक्ष्मणझूला पर तत्काल मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस ने इन घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए फर्जी वेबसाइट बनाने वाले अभियुक्तों का पता कर उनकी गिरफ्तारी करने के लिए निर्देशित किया गया।
पुलिस ने शिकायत के आधार पर पड़ताल की तो गीता भवन की फर्जी वेबसाइट को बनाने वालों का पता भरतपुर राजस्थान में होना प्रकाश में आया। जिस पर पुलिस टीम द्वारा दबिश देकर फर्जी वेबसाइट बनाकर गीता भवन और अन्य आश्रमों में ऑनलाइन कमरे बुक करने के नाम पर धोखाधड़ी कर पैसे लेने वाले गैंग के एक मुख्य अभियुक्त नासिर उर्फ मस्तान पुत्र उमरदीन ग्राम जटवास डींग को भरतपुर राजस्थान को गिरफ्तार किया।
हो जाएं सावधान
आश्रम या होटल की बुकिंग कराने से पहले कंफर्म कर लें कि वेबसाइट फर्जी तो नहीं। पहले होटल या आश्रम में बात करें, पूरी जानकारी लेने के बाद ही बुकिंग करवाएं। कोशिश करें कि पेमेंट करने से पहले सही जानकारी लें। सिर्फ एक वेबसाइट पर ही भरोसा न करें, इसके लिए पूरा होमवर्क करने के बाद ही प्रक्रिया आगे बढ़ाएं। कोशिश करें कि किसी विश्वसनीय टूर ट्रेवल्स या स्थानीय जानकार के जरिए ही बुकिंग हो।












Click it and Unblock the Notifications