उत्तराखंड में मनाई जा रही पर्वतीय होली, बैंक छोड़कर सार्वजनिक अवकाश, एक नजर होली के सियासी रंग पर भी
HOLI 2025: उत्तराखंड में आज 15 मार्च को पर्वतीय होली मनाई जा रही है। जिसको लेकर राज्यपाल की ओर से उत्तराखंड में सार्वजनिक अवकाश रखा गया है। हालांकि प्रदेश भर में आज सभी बैंक खुले हैं। इस बीच बारिश व बर्फबारी से होली का त्यौहार खास तरीके से मनाया जा रहा है।
उत्तराखंड सरकार ने शुक्रवार को एक आदेश जारी किया, जिसमें पर्वतीय होली को लेकर 15 मार्च यानी आज शनिवार को सार्वजनिक अवकाश घोषित किया गया है। जारी अधिसूचना में कहा गया है कि 15 मार्च को पर्वतीय होली को लेकर प्रदेश के समस्त शासकीय, अशासकीय कार्यालयों, शैक्षणिक शासकीय, अशासकीय कार्यालयों, शैक्षणिक संस्थानों औरविद्यालयों में सार्वजनिक अवकाश रहेगा। लेकिन बैंक खुले रहेंगे।

सीएम पुष्कर सिंह धामी होली मनाने खटीमा स्थित अपने आवास नगरा तराई पहुंचे। सीएम धामी ने कल शुक्रवार को होली पर खटीमा स्थित अपने आवास पहुंचकर माता जी के पांव छूकर रंगोत्सव मनाया। इस दौरान सीएम ने पारंपरिक नृत्य भी किया और बड़ी संख्या में आई जनता व परिजनों के साथ होली खेलकर सभी को हर्ष और उल्लास के त्योहार पर शुभकामनाएँ दी।
सीएम धामी ने होली और फूल देई पर्व की भी शुभकामनाएं दी हैं। इससे पहले सीएम धामी ने देहरादून सीएम आवास और राजभवन में होली खेली। साथ ही पूर्व सीएम तीरथ सिंह, रमेश पोखरियाल, त्रिवेंद्र रावत और हरीश रावत के घर जाकर होली की बधाई दी। पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने देहरादून में होली मनाई। हरीश रावत से मिलने सीएम धामी, पूर्व सीएम रमेश पोखरियाल निशंक समेत कई मंत्री, विधायक और भाजपा के नेता मिलने पहुंचे।
इसके बाद हरीश रावत पूर्व सीएम भगत सिंह कोश्यारी और त्रिवेंद्र सिंह रावत के घर मिलने पहुंचे और रंग और गुजिया खिलाकर होली की बधाई दी। होली पर जारी संदेश में हरीश रावत ने कहा कि आज लाखों भारतवासियों ने भगवान को धन्यवाद दिया होगा कि होली उत्साह पूर्वक मनायी, मगर शांतिपूर्वक संपन्न हुई और होली के जुलूसों के साथ-साथ देश में रमजान के महीने में जुम्मे की नमाज भी बहुत शांतिपूर्वक लोगों ने अदा की, इससे भारत मजबूत हुआ है।












Click it and Unblock the Notifications