सीएम धामी के निर्देश पर हुई बैठक, बन रही सड़कों और पुल के निर्माण कार्य की मुख्य सचिव ने की समीक्षा
उत्तराखंड में भाजपा की सरकार में शहरों, गांवों में तेजी से सड़कों का निर्माण हो रहा है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर शुक्रवार को मुख्य सचिव डॉ एस एस संधु ने सचिवालय में प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत प्रदेश में बन रही सड़कों और पुल के निर्माण कार्य की समीक्षा की।

मुख्यमंत्री के निर्देश पर मुख्य सचिव द्वारा आयोजित इस बैठक में मुख्य सचिव ने कहा दूरस्थ क्षेत्रों को जोड़ने के लिए राज्य में बनायी जा रही यह सड़कें बहुत ही महत्त्वपूर्ण है।
इसके अलावा मुख्य सचिव डॉ एस एस संधु ने सड़कों का कार्य पूरा करने के लिए जिलाधिकारी एवं डीएफओ को उच्च प्राथमिकता पर लेकर इन सड़कों का निर्माण पूर्ण करने पर जोर दिया। उन्होंने मुख्य अभियंता एवं अन्य उच्चाधिकारियों को मौके पर जाकर समस्याओं के निस्तारण के निर्देश भी दिए।
मुख्य सचिव ने कहा कि सभी जिलाधिकारी एवं डीएफओ लगातार बैठकें आयोजित कर योजनाओं के पूर्ण होने में आ रही समस्याओं को निस्तारित करें और कार्य को पूरा करवाएं।
मुख्य सचिव ने सीएम के निर्देश पर आयोजित इस बैठक में कहा कि कम समय में अधिक कार्य पूरा करने के लिए 2 या 3 शिफ्ट में कार्य पूरा कराया जा सके इसकी संभावनाएं भी तलाशी जाएं।
मुख्य सचिव ने कहा कि उच्च प्राथमिकता के कार्यों को रूटीन कार्यों की भांति न कर प्रतिदिन उसके लिए समय निकालने की आवश्यकता है। प्रतिदिन श्रमिकों एवं मशीनों की संख्या की जानकारी लेकर आवश्यकता अनुसार श्रमिकों की संख्या बढ़ाकर इसकी रिपोर्ट मांगी जाए।
इस बैठक में सचिव राधिका झा सहित सम्बन्धित विभाग के अन्य अधिकारी एवं जनपदों से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जिलाधिकारी उपस्थित थे।












Click it and Unblock the Notifications