उत्तराखंड मे मदरसों की होगी जांच, सीएम धामी ने दिए सत्यापन कराने के निर्देश, अवैध मदरसे प्रकरण का लिया संज्ञान
उत्तराखंड के सीएम पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेश में संचालित मदरसों की जांच के आदेश दिए हैं। सीएम ने सभी मदरसों में सत्यापन कराए जाने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने नैनीताल के अवैध मदरसे में बच्चों के साथ अमानवीय व्यवहार संज्ञान लेते हुए ये निर्देश जारी किए हैं।

नैनीताल के ज्योलिकोट के पास स्थित वीरभट्टी में एक अवैध मदरसे में बच्चों के साथ अमानवीय व्यवहार का मामला सामने आया है। जिसका मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने संज्ञान लिया। उन्होंने इस गंभीर विषय पर एसीएस गृह को निर्देशित किया कि, तत्काल समस्त जिलों को प्रदेश में संचालित समस्त मदरसों में सत्यापन कराया जाए और जहां भी कोई अनैतिक कार्य हो रहा हो, वहां तत्काल कानूनी कार्रवाई की जाए। इस विषय पर गृह विभाग ने सभी जिलाधिकारियों को निर्देश जारी किए हैं।
ये है मामला
उत्तराखंड के नैनीताल में ज्योलिकोट के पास स्थित वीरभट्टी में एक अवैध मदरसे में बच्चों साथ अमानवीय व्यवहार का मामला सामने आया था। मदरसा यहां पर पिछले 15 सालों से अवैध तरीके से चलाया जा रहा था। बीते रविवार को जिलाधिकारी के आदेश पर सिटी मजिस्ट्रेट के नेतृत्व में एक टीम इस मदरसे का निरीक्षण करने पहुंची थी, जिसके बाद पूरे मामला का खुलासा हुआ था।
निरीक्षण के दौरान मदरसे में 24 बच्चे गंभीर हालत में मिले थे। जिसके बाद प्रशासन ने इसकी सूचना बच्चों के परिजनों को दी। आरोप है कि मदरसे में बच्चों के साथ अश्लील हरकतें की जाती थी, और उन्हें गंदगी भरे कमरों में रखा जाता था। यही नहीं दूषित पानी व भोजन दिया जाता था। बच्चों के बीमार होने पर उनका इलाज भी नहीं कराया जाता था। मामला सामने आने के बाद सीएम धामी ने इस मामले को गंभीरता से लिया है और पूरे प्रदेश में संचालित हो रहे मदरसों का सत्यापन कराए जाने के निर्देश दिए हैं।












Click it and Unblock the Notifications