Kotdwar बाबा दुकान विवाद का हीरो मोहम्मद दीपक, राहुल गांधी ने कहा डरो मत तुम बब्बर शेर हो, जानिए पूरा मामला
Kotdwar Baba Shop Dispute कोटद्बार का बाबा दुकान विवाद का हीरो मोहम्मद दीपक, राहुल गांधी ने कहा डरो मत तुम बब्बर शेर हो। कोटद्वार में दुकान का नाम बाबा रखने को लेकर शुरू हुआ विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है। इस पूरे प्रकरण में दुकान के नाम का समर्थन करने वाले दीपक को सोशल मीडिया में भी जमकर वायरल किया जा रहा है।
कांग्रेस नेता और नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने भी दीपक को भारत का हीरो कहा है। राहुल ने सोशल मीडिया के जरिए कहा कि दीपक संविधान और इंसानियत के लिए लड़ रहे हैं। उस संविधान के लिए जिसे बीजेपी और संघ परिवार रोज़ रौंदने की साज़िश कर रहे हैं।

राहुल ने आगे लिखा कि वे नफ़रत के बाज़ार में मोहब्बत की दुकान का जीवित प्रतीक हैं और यही बात सत्ता को सबसे ज़्यादा चुभती है। संघ परिवार जानबूझकर देश में आर्थिक और सामाजिक ज़हर घोल रहा है, ताकि भारत बँटा रहे और कुछ लोग डर के सहारे राज करते रहें। उत्तराखंड की भाजपा सरकार खुलेआम उन असामाजिक ताक़तों का साथ दे रही है जो आम नागरिकों को डराने और परेशान करने में लगी हैं। नफ़रत, डर और अराजकता के माहौल में कोई भी देश आगे नहीं बढ़ सकता। शांति के बिना विकास सिर्फ़ एक जुमला है। हमें और दीपकों की ज़रूरत है - जो झुकें नहीं, जो डरें नहीं, और जो पूरी ताक़त से संविधान के साथ खड़े रहें। हम तुम्हारे साथ हैं भाई। डरो मत। तुम बब्बर शेर हो।
बता दें कि कोटद्वार में दुकान का नाम बाबा रखने को लेकर कोटद्वार में जमकर बवाल हुआ। जिसके वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहे हैं। इस विवाद में कोटद्वार जिम ट्रेनर दीपक के वीडियो जमकर वायरल हुए। जिसमें दीपक बजरंग दल के कार्यकर्ताओं के साथ भिड़ गया।
बताया जा रहा है कि जब विरोध कर रहे लोगों ने नाम पूछा तो उसने कहा कि मेरा नाम मोहम्मद दीपक है। बता दें कि कोटद्वार में ये विवाद 26 जनवरी से शुरू हुआ। बजरंग दल से जुड़े कुछ युवक एक मुस्लिम बुजुर्ग की दुकान पर पहुंचे और दुकान के नाम को लेकर हंगामा शुरू कर दिया। आरोप था कि दुकान का नाम बाबा रखा गया है। कोटद्वार में सिद्धबली बाबा हनुमान जी का मंदिर है और हिंदुओं के आराध्य देवता हैं।
ऐसे में बजरंग दल के युवकों ने बुजुर्ग से दुकान का नाम बदलने को कहा। विवाद बढ़ा तो बीच बचाव करने वहां पर जिम ट्रेनर दीपक आ गया। दीपक ने कोटद्वार बाबा विवाद में बजरंग दल का विरोध किया। विवाद यहीं खत्म नहीं हुआ। इसके बाद दूसरे दिन बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने दीपक का विरोध किया। जिसे पुलिस ने बीचबचाव कर शांत कराया। अब दीपक से मिलने कई लोग कोटद्वार पहुंच रहे हैं। दीपक ने सबसे मामले को लेकर शांति बनाने की अपील की है। साथ ही पुलिस ने भी मामले को शांत करने की अपील की है।












Click it and Unblock the Notifications