'जोशीमठ' अब 'ज्योतिर्मठ' के नाम से जाना जाएगा, CM धामी ने नाम बदलने की थी घोषणा
Uttarakhand News: उत्तराखंड के चमोली जिले में जोशीमठ तहसील अब ज्योतिर्मठ के नाम से जानी जाएगी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पिछले साल चमोली के घाट में एक कार्यक्रम में नाम बदलने की घोषणा की थी।
स्थानीय लोग काफी लंबे समय से इस बदलाव की वकालत (मांग) कर रहे थे। यह मांग मुख्यमंत्री धामी के समक्ष रखी गई, जिन्होंने इसे गंभीरता से लिया और इस पर अमल करने का फैसला किया। उनकी घोषणा के बाद एक प्रस्ताव तैयार कर भारत सरकार को भेजा गया।

केंद्र सरकार ने जोशीमठ का नाम बदलकर ज्योतिर्मठ करने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। स्थानीय लोगों ने सरकार के इस फैसले का खुले दिल से स्वागत किया है। इस बारे में खुद मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने जानकारी दी है।
ऑफिस ऑफ सीएम धामी एक्स हैंडल पर लिखा, गत वर्ष माननीय मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी जी ने जनपद चमोली में आयोजित कार्यक्रम में स्थानीय जनता की मांग के अनुसार 'जोशीमठ' का नाम बदलकर 'ज्योतिर्मठ' किए जाने की घोषणा की थी।
माननीय मुख्यमंत्री जी के निर्देशानुसार प्रदेश सरकार द्वारा यह प्रस्ताव भारत सरकार को भेजा गया था जिसके बाद अब केंद्र ने ज्योतिर्मठ तहसील के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। जनभावनाओं का सम्मान करते हुए माननीय मुख्यमंत्री जी द्वारा किए गए प्रयासों हेतु स्थानीय जनता ने उनका आभार व्यक्त किया है।












Click it and Unblock the Notifications