अमित शाह ने दी CM धामी को सुपर शाबासी, कहा-निवेश प्रस्तावों को 30 फीसदी तक धरातल पर उतारा बहुत बड़ी उपलब्धि
Uttarakhand Investment Festival उत्तराखंड निवेश उत्सव में गृह मंत्री अमित शाह ने सीएम पुष्कर सिंह धामी को सुपर शाबासी दी। शाह ने खुले दिल से स्वीकार किया कि निवेश प्रस्तावों को तीस फीसदी तक धरातल पर उतार देना सचमुच बहुत बड़ी उपलब्धि है।साथ ही धामी को यह भी विश्वास दिला दिया कि उत्तराखंड के इस तरह के हर प्रयास में केंद्र की मोदी सरकार मजबूती से उसके साथ खड़ी है।
निवेश उत्सव में बतौर चीफ गेस्ट अमित शाह ने वर्ष 2023 के निवेशक सम्मेलन के समापन का खास तौर पर जिक्र किया। रूद्रपुर के कार्यक्रम में उपस्थित निवेशकों और लोगों को बताया कि किस तरह से उन्होंने पराक्रम दिखाने का सीएम से आह्वान किया था।

वर्ष 2023 में निवेशक सम्मेलन के समापन में मौजूद केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने सीएम पुष्कर सिंह धामी से एक खास चर्चा की थी। यह चर्चा पराक्रम से संबंधित थी। तब गृह मंत्री ने कहा था-निवेश के एमओयू लाने में पराक्रम नहीं है। असल पराक्रम निवेश के प्रस्ताव को धरातल पर उतारने में है। करीब डेढ़ साल बाद निवेश उत्सव के मौके पर उत्तराखंड के इस पराक्रम को केंद्रीय गृह मंत्री ने खुले दिल से मान्यता दी। सीएम पुष्कर सिंह धामी को सुपर शाबासी दी।
भाई , लोकप्रिय और यशस्वी मुख्यमंत्री बताया
सीएम पुष्कर सिंह धामी और उनकी सरकार के बेहतरीन प्रदर्शन को गृह मंत्री ने एक बार नहीं, बल्कि बार-बार सराहा। सीएम के नाम का खास तौर पर उल्लेख करते हुए उन्होंने कभी भाई कहा, तो कभी लोकप्रिय और यशस्वी मुख्यमंत्री बताया। उत्तराखंड की सराहना करते हुए शाह ने अपने गृह राज्य गुजरात की भी चर्चा की और पहाड़ में निवेश के संबंध में चुनौती को दिलचस्प ढंग से सामने रखा। उन्होंने उत्तराखंड में निवेश लायक बने बेहतरीन माहौल के पीछे छिपी बुनियादी बातों का जिक्र किया। साथ ही, सिलसिलेवार उन नीतियों की ब्रांडिंग भी कर डाली, जिनसे आर्थिक विकास को गति मिल रही है।
अमित शाह ने उत्तराखंड के प्रयासों की सराहना की
यह बड़ी उपलब्धि का बड़ा उत्सव था, जिससे संदेश भी बडे़ निकले हैं। एक लाख करोड़ के निवेश प्रस्तावों के धरातल पर उतरने का देश-दुनिया में सकारात्मक संदेश गया है। संदेश ये भी गया है कि किस तरह एक छोटा राज्य अपने बडे़ प्रयासों से ऐसी उपलब्धि हासिल कर सकता है, जिसे आम तौर पर बहुत मुश्किल माना जाता है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने जिस तरह से उत्तराखंड के प्रयासों की सराहना करते हुए इस संदेश को ताकत दी है, उसके भी खास मायने हैं। निवेशकों का उत्तराखंड के प्रति और रूझान बढ़ने की भी उम्मीद की जा रही है।
डेढ़ साल की छोटी अवधि में उत्तराखंड ने यह काम करके दिखाया
दिसंबर 2023 में निवेशक सम्मेलन में 3.5 लाख करोड़ के निवेश के प्रस्ताव जब उत्तराखंड को प्राप्त हुए थे, तब इसे भी बड़ी उपलब्धि माना गया था। मगर कठिन भौगोलिक स्थितियां होने के बावजूद जिस तरह से राज्य में तीस फीसदी प्रस्ताव जमीन पर उतरे हैं, उसे और बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है। इस उपलब्धि का इसलिए भी महत्व है, कि करीब डेढ़ साल की छोटी अवधि में उत्तराखंड ने यह काम करके दिखाया है। निश्चित तौर पर इस उपलब्धि के बाद अब उत्तराखंड की का शेष निवेश प्रस्तावों की ज्यादा से ज्यादा ग्राउंडिंग पर फोकस रहेगा। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने अपने संबोधन में इस अपेक्षा का जिक्र भी किया है। उद्योग जगत की हस्तियों का मानना है कि आर्थिक विकास के लिए जिस नई दिशा में उत्तराखंड चल निकला है, उसमें आने वाले दिनोे में और सुंदर तस्वीर दिखनी तय है।
पीएम मोदी के साथ सीएम धामी की गजब की कैमिस्ट्री
पीएम नरेंद्र मोदी के साथ सीएम पुष्कर सिंह धामी की गजब की कैमिस्ट्री है। इस कैमिस्ट्री का कमाल ही है कि निवेश के मामले में उत्तराखंड ने ऊंची छलांग लगाई है। निवेशकों को आकर्षित करने के लिए सीएम ने कड़ी मेहनत की है। निवेशकों को बेहतर सुविधाएं और माहौल देने के लिए उनके प्रयासों पर अब सफलता का रंग चढ़ रहा है। पीएम सहित अन्य केंद्रीय मंत्रियों से दिल्ली जाकर सीएम लगातार मिलते रहे हैं। केंद्र की सहायता से उत्तराखंड को अपने संकल्प को पूरा करने में खासी मदद मिली है।












Click it and Unblock the Notifications