बर्फीले रास्ते से 18 किमी पैदल चलकर पहुंचे डीएम चमोली, श्री हेमकुंट साहिब की यात्रा मार्ग का लिया जायजा
चमोली के डीएम हिमांशु खुराना 18 किमी की दूरी पैदल चलकर बर्फीले रास्ते से होते हुए श्री हेमकुंट साहिब की यात्रा मार्ग पर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
डीएम ने गोविंदघाट गुरुद्वारा से हेमकुंट साहिब तक 18 किलोमीटर की दूरी पैदल चलकर यात्रा मार्ग पर चल रही तैयारियों के बारे में जानकारी ली और जरुरी निर्देश भी दिए।

श्री हेमकुंट साहिब और लोकपाल मंदिर की यात्रा इस साल 25 मई से शुरू होगी। हेमकुंट साहिब गुरुद्वारा के आसपास अभी भी करीब 08 फीट बर्फ है। यहां लक्ष्मण मंदिर व हेमकुंट सरोवर भी पूरी तरह से बर्फ से ढका हुआ है, सेना के जवानों ने हेमकुंट साहिब मार्ग पर बर्फ हटाकर आवाजाही सुचारू कर दी है।
पहाड़ों में अधिकारियों को फील्ड में उतरने और विपरीत परिस्थितियों को बारीकी से समझने के लिए मौके पर पहुंचना होता है। कुछ इसी तरह का जज्बा उत्तराखंड के आईएएस अधिकारियों में देखने को मिल रहा है। पहले इस तरह के ट्रेक करने को कम ही आईएएस अधिकारी निकलते थे।
लेकिन अब जिला प्रशासन का जिम्मा संभाल रहे आईएएस लगातर कई किमी पैदल चलकर व्यवस्थाओं का जायजा ले रहे हैं। इन आईएएस में हिमांशु खुराना और आशीष चौहान का नाम शामिल है। चमोली के डीएम हिमांशु खुराना इससे पहले घेस-बगजी-नागड़ ट्रैक पर करीब 16 किलोमीटर पैदल ट्रैकिंग कर चुके हैं।
जिससे इस ट्रेक का पर्यटकों के लिए विकसित किया जा सके। अब डीएम कठिन बर्फील रास्ते से होकर 18 किमी चलकर श्री हेमकुंट साहिब पहुंचे। जो कि सिख धर्म से जुड़े लोगों की आस्था का प्रतीक है।
डीएम ने मौके से ही पैदल यात्रा मार्ग पर मोड़ सुधारीकरण, रेलिंग, पार्किंग, घोड़ा पड़ाव तथा श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए रेन शेल्टर, यात्री शेड, बेंच, साइनेज सहित बिजली, पानी, शौचालय, साफ सफाई, स्वास्थ्य और सुरक्षा की समुचित व्यवस्था करने के निर्देश दिए।
उन्होंने घोड़े-खच्चरों के लिए भी गर्म पानी की उचित व्यवस्था करने को कहा। जल संस्थान को यात्रा मार्ग पर सभी स्टैंड पोस्ट और वाटर एटीएम में शुद्ध पेयजल आपूर्ति सुचारू करने के निर्देश दिए।
डीएम ने पुलिस विभाग को यात्रा के दौरान सुरक्षा के सभी इंतजाम करने, एसडीआरएफ के साथ डीडीआरएफ जवानों की भी तैनाती करने के निर्देश दिए। इस दौरान जिलाधिकारी ने घांघरिया हेलीपैड, थाना, चौकी, अस्पताल सहित यात्रा से जुड़ी अन्य तमाम व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
श्री हेमकुंट साहिब, लोकपाल मंदिर और वैली ऑफ फ्लावर की यात्रा को सुखद बनाने के लिए आवश्यक दिशा निर्देश अधिकारियों को दिए। बताया गया कि हेमकुंट साहिब यात्रा मार्ग पर लोनिवि ने 84 डेंजर मोड़ में से 72 मोड़ों का सुधारीकरण कार्य पूर्ण कर दिया है। शेष कार्य प्रगति पर हैं।












Click it and Unblock the Notifications