Harish Rawat के एआई वीडियो पर मचा बवाल, मुकदमा दर्ज कराएंगे हरदा, जानिए क्या है पूरा मामला
Harish Rawat उत्तराखंड में 2027 का विधानसभा चुनाव भले ही दूर हो, लेकिन सियासी बवाल मचना शुरू हो गया है। सबसे बड़ा विवाद हाल ही में कांग्रेस के दिग्गज नेता और पूर्व सीएम हरीश रावत के एआई वीडियो को लेकर मचा है। हरीश रावत ने इसके खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने की तैयारी कर ली है।
हरीश रावत ने कहा कि कुकृत्य पूर्ण अपराधिक तरीके से आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस का इस्तेमाल करके मुझे टारगेट करने की कोशिश हो रही है। अब तो मुझे एक वीडियो में पाकिस्तानी जासूस बताकर चित्रित किया गया है तो मैं इसके खिलाफ FIR कराने जाऊंगा।

हरीश रावत ने अपने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए कहा है कि लोकतंत्र विचारों से चलता है, फर्जी वीडियो और नफ़रत से नहीं। भाजपा सत्य के आधार पर या जनकल्याण व विकास के एजेंडे के आधार पर कभी चुनाव नहीं जीत सकती है। उत्तराखंड में तो बिल्कुल नहीं जीत सकती है। 2017 में इन्होंने झूठ बोला और अपने राजा से भी झूठ बुलवाया, 2019 और 2022 में भी झूठ बोला। आज फिर झूठ की जमीन तैयार करने का काम कर रहे हैं, क्योंकि 2027 के चुनाव आ रहे हैं।
हरदा ने कहा कि इस बार इन्होंने जिस प्रकार से AI का दुरुपयोग किया है, वन निंदनीय है। प्रधानमंत्री दुनिया भर के प्लेटफार्म पर कह रहे हैं कि AI का दुरुपयोग दुनिया भर में समस्याएं खड़ी करेगा। उत्तराखंड में भाजपा अपने मुख्य फेसबुक पेज पर मेरे खिलाफ AI से तैयार की गई वीडियो पोस्ट कर हमको बदनाम करने की कोशिश कर रही है। मैंने तय किया है कि मैं, भाजपा के खिलाफ FIR दर्ज कराऊंगा।
हरदा ने का कि भाजपा के छद्म प्लेटफार्मों से मुझे देशद्रोही पाकिस्तानी एजेंट दिखाया गया है। मेरे जैसा चेहरा बनाकर मेरे चेहरे को देश की जासूसी करते हुए दिखाया गया है। यह वीडियो भाजपा के सोच की भारी गिरावट का प्रतीक है। वह राजनीति को राजनीति और जनता के सवालों पर नहीं लड़ना चाहते हैं। वह झूठ और फरेब के सहारे राजनीति करना चाहते हैं। लेकिन कल डाला हुआ यह वीडियो भाजपाई सोच का निकृष्टतम नमूना है।
क्या राहुल गांधी के लिए प्रधानमंत्री बनने की बात कहना, क्या राष्ट्र विरोधी है? भाजपा ऐसे किसी भी व्यक्ति को बर्दाश्त करने को तैयार नहीं है जिनसे उनका सैद्धांतिक विरोध हो। हरदा ने कहा कि मैं कर्मनिष्ठ और धर्मनिष्ठ हिंदू हूं। लेकिन मैं एक उदार हिंदू हूं जो सबका आदर करता है। कट्टरता आज दुनिया को कहां लेकर जा रही है? मैं विश्वासपूर्वक कह रहा हूं कि धार्मिक अंधता और असहिष्णु कट्टरता, समाज व देश की विरोधी है। भाजपा ऐसी सोच रखने वालों को अपना दुश्मन मानती है।
मैं भाजपा के दोनों कुत्सित कदमों से बहुत आहत हूं और मैंने फैसला किया है कि 23 दिसंबर को नेहरू कॉलोनी थाना, जिला देहरादून में भाजपा के इन छद्म सोशल मीडिया के फेसबुक पेजों व प्लेटफार्मों के खिलाफ एफआईआर शिकायत दर्ज करूंगा। उसके बाद में साइबर क्राइम थाने में भी जाऊंगा और 24 दिसंबर को पुलिस अधीक्षक कार्यालय देहरादून भी जाऊंगा और जिलाधिकारी कार्यालय में भी जाऊंगा क्योंकि वह जिले के मुख्य निर्वाचन अधिकारी होते हैं और उसके बाद में चुनाव आयोग के पास भी जाऊंगा।












Click it and Unblock the Notifications