अमित शाह का फेक वीडियो सोशल मीडिया में वायरल, देहरादून पुलिस ने किया मुकदमा,जांच में सामने आई ये बात
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का फेक वीडियो सोशल मीडिया में वायरल होने पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस की ओर से बताया गया है कि वीडियो को भ्रामक तथ्यों के आधार पर तैयार करने के बाद एक सोशल मीडिया अकाउंट से वायरल किया गया।
जिसके बाद कानूनी कार्रवाई शुरू हो गई है। सोशल मीडिया पर प्रसारित भ्रामक तथ्यों पर आधारित एक वीडियो का देहरादून के एसएसपी अजय सिंह ने संज्ञान लिया है। साइबर सेल और सोशल मीडिया मॉनिटर सेल को अलर्ट करते हुए वायरल भ्रामक वीडियो की जांच कर तत्काल वैधानिक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।

पुलिस का दावा है कि इस तरह के वीडियो से चुनाव में गलत फायदा उठाया जा सकता है। सोशल मीडिया पर प्रसारित वायरल वीडियो के सम्बन्ध में प्रभारी साइबर सेल देहरादून द्वारा तहरीर के आधार पर कोतवाली नगर में मुकदमा दर्ज किया गया है। बताया गया है कि समाज में समुदायों के बीच वैमनस्यता पैदा करने और वर्तमान में जारी लोकसभा निर्वाचन प्रक्रिया को प्रभावित कर चुनावी लाभ लेने के आशय से सोशल मीडिया पर भारत के केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का भ्रामक तथ्यों पर आधारित कूटरचित वीडियो एक सोशल मीडिया हैंडल पर प्रसारित किया जा रहा है।
वीडियो का संज्ञान लेते हुए एसएसपी देहरादून की ओर से मीडिया मॉनिटरिंग सेल तथा साइबर सेल की टीम को अलर्ट करते हुए जिस सोशल मीडिया अकाउंट की ओर से वीडियो वायरल किया गया है। उसकी जांच कर उसके विरुद्ध कानूनी कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं। साइबर सेल देहरादून द्वारा की गई
प्रारंभिक जांच में Urban pahadi नाम के ट्विटर अकाउंट से भ्रामक वीडियो को प्रसारित किया जाना और भ्रामक वीडियो का कई अन्य जगहों पर भी वायरल होना पाया गया। जिस पर देहरादून के प्रभारी निरीक्षक साइबर सेल निरीक्षक मनोज मैनवाल की ओर से कोतवाली में तहरीर दी गई, जिसके बाद मुकदमा दर्ज किया गया है।












Click it and Unblock the Notifications