100 दिन का कार्यकाल पूरा होते ही दिल्ली की CM रेखा गुप्ता पहुंची उत्तराखंड, पहले गंगा स्नान अब केदारनाथ धाम
Delhi CM Rekha Gupta: दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता दो दिन के उत्तराखंड दौरे पर हैं। आज सुबह रेखा गुप्ता परिवार के साथ केदारनाथ पहुंची। उन्होंने पूरे परिवार के साथ केदारनाथ मंदिर में दर्शन और पूजा की। रेखा गुप्ता इसके बाद बद्रीनाथ धाम भी जाएंगी।
बीते रविवार को दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता हरिद्वार पहुंची। सबसे पहले रेखा गुप्ता ने अपने पति के साथ हरकी पैड़ी पहुंचकर गंगा में स्नान किया। इस दौरान गंगा सभा ने उनका स्वागत किया। मुख्यमंत्री बनने के बाद रेखा गुप्ता पहली बार हरिद्वार पहुंची थीं।

हरिद्वार में मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि आज का मां गंगा का स्नान मेरे लिए बहुत महत्वपूर्ण है। मैं अपनी सरकार के 100 दिन के कार्यकाल को पूरा कर आज पुण्य भूमि हरकी पैड़ी पर आई हूं। आज मैंने मां गंगा के चरणों में नमन करते हुए यही प्रार्थना की है कि भारतवर्ष विकसित हो और उसमें दिल्ली भी अपना स्थान बनाएं।
हरिद्वार में गंगा स्नान के बाद मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के साथ हरिद्वार में साध्वी ऋतंभरा के कनखल स्थित वात्सल्य गंगा आश्रम के लोकार्पण कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। इसके बाद रेखा गुप्ता कनखल में स्वामी अवधेशानंद गिरि जी महाराज आश्रम पहुंची और शाम को तीर्थनगरी ऋषिकेश के परमार्थ आश्रम में गंगा आरती में शामिल हुई। आज सुबह रेखा गुप्ता केदारनाथ बद्रीनाथ यात्रा पर निकल गईं। धामों के दर्शन करने के बाद रेखा गुप्ता वापस दिल्ली लौट जाएंगी।
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि संतों की इच्छा की तरह मैं भी चाहती हूं कि एक दिन हम यमुना में भी स्नान करें। इसके लिए यमुना नदी की स्वच्छता के लिए अभियान पूरे कार्यकाल में चलेगा। कहा कि सीएम बनने के बाद पहली बार धर्मनगरी में गंगा स्नान किया है और यहीं से संकल्पित भाव से संतों का आशीर्वाद लेकर जाएंगे। उन्होंने यह बात रविवार को कनखल में आयोजित वात्सल्य गंगा आश्रय के लोकार्पण पर कहीं।












Click it and Unblock the Notifications