यहां शादी समारोह में महिलाओं के तीन से ज्यादा आभूषण पहनने पर रोक, नहीं तो लगेगा जुर्माना, जानिए क्या बताई वजह
Dehradun news: उत्तराखंड में देहरादून के चकराता क्षेत्र में जनजातीय क्षेत्र जौनसार-बावर के गांव में शादी और अन्य समारोह में महिलाओं के केवल तीन सोने के आभूषण पहनने का निर्णय लिया है। महिलाएं केवल सोने की नाक की फूली, कान के बुंदे और गले में मंगल सूत्र पहनेंगी।
शादी और अन्य समारोह में सोने के आभूषणों के अनावश्यक प्रदर्शन को रोकने के लिए आम सहमति के बाद यह निर्णय लिया गया है।ग्रामीणों ने सर्वसम्मति से ये फैसला लिया है। जिसके बाद ये मामला चर्चा का विषय बना हुआ है। इसके पीछे की वजह सोने और चांदी के आसमान छूते दामों को बताया गया है।

जनजातीय क्षेत्र जौनसार-बावर में पारंपरिक रूप से राइणियों यानि विवाहित महिलाओं के सोने के आभूषण पहनने की परंपरा रही है। लेकिन जिस तरह से सोने और चांदी की कीमतें बढ़ती जा रही हैं, ऐसे में यह परंपरा गरीब परिवारों के लिए बोझ बनती जा रही है। जिसके बाद ये निर्णय लिया गया है। ग्रामीणों का कहना है कि कोई भी महिला आर्थिक रूप से कमजोर महसूस न करे, इसके लिए सामूहिक रूप से यह निर्णय लिया गया है।
बैठक में यह भी तय हुआ कि यदि कोई महिला इस नियम का उल्लंघन करती है तो उस पर 50 हजार रुपये का अर्थदंड लगाया जाएगा। निर्णय के अनुसार गांव के सभी परिवारों को इस नियम का पालन करना अनिवार्य होगा। बता दें कि इन दिनों सोना एक से डेढ़ लाख के बीच पहुंचा हुआ है। जबकि चांदी दो लाख तक पहुंची हुई है। ऐसे में आभूषण खरीदना आम आदमी के बजट से बाहर होता है।
जिन क्षेत्रों में महिलाओं का आभूषण पहनने का चलन है। वहां इस परंपरा को निभाना बड़ी चुनौती साबित हो रहा है। ऐसे में ग्रामीणों ने सबको ध्यान में रखते हुए ये बड़ा निर्णय लिया है। बता दें कि आने वाले समय में शादियों का सीजन भी आने वाला है। क्षेत्र में इस निर्णय का स्वागत किया जा रहा है।












Click it and Unblock the Notifications