Dehradun news: बांग्लादेशी बबली खातून का भूमि शर्मा और बॉबी खातून का मजदूर बनकर रहने का चौंकाने वाला खुलासा
Dehradun news: ऑपरेशन कालनेमि के तहत देहरादून पुलिस का अपनी पहचान छिपाकर रह रहे बांग्लादेशियों को गिरफ्तार करने का अभियान जारी है। ऑपरेशन कालनेमि के तहत देहरादून में अवैध रूप से रह रहे 17 बांग्लादेशी नागरिकों के विरुद्ध पुलिस द्वारा अब तक कार्रवाई की जा चुकी है।
जिसमें से फर्जी दस्तावेज बनाकर अवैध रूप से रह रहे 08 बांग्लादेशी नागरिकों के विरुद्ध अभियोग पंजीकृत कर जेल भेजा जा चुका है। जबकि 09 बांग्लादेशी नागरिकों को डिपोर्ट किया जा चुका है।हाल ही में फर्जी भारतीय दस्तावेज बनाकर भारत में अवैध रूप से रह रही एक बांग्लादेशी महिला को देहरादून की कोतवाली पटेल नगर पुलिस ने गिरफ्तार किया है।

उसके साथ ही अवैध रूप से भारत में रह रही एक अन्य बांग्लादेशी महिला को भी हिरासत में लिया गया है। गिरफ्तार महिला बबली खातून ने बताया कि वह कोविड के दौरान अवैध रूप से बॉर्डर क्रॉस कर भारत आई थी और भारत आने के बाद हिंदू महिला भूमि शर्मा बनकर देहरादून में रह रही थी।
महिला ने देहरादून में ही भूमि शर्मा नाम के फर्जी दस्तावेज बनाए और यहीं एक हिंदू युवक से विवाह कर लिया। उसके कब्जे से पुलिस को भूमि शर्मा के नाम का आधार कार्ड, आयुष्मान कार्ड, राशन कार्ड, वोटर आईडी और अन्य फर्जी भारतीय दस्तावेज और बबली खातून के नाम से एक बांग्लादेशी आईडी मिली।
इसके साथ ही पुलिस ने कारगी रोड कालिंदा विहार से एक अन्य संदिग्ध महिला को हिरासत में लिया। पूछताछ में उसने अपना नाम बॉबी खातून (निवासी जिला बोगुरा बांग्लादेश) बताया। उसके पास से पुलिस टीम को उसके बांग्लादेशी पहचान पत्र की फोटो कॉपी प्राप्त हुई।
हिरासत में ली गई अन्य बांग्लादेशी नागरिक बॉबी खातून द्वारा पूछताछ में बताया गया कि वह साल 2023 में चोरी छिपे बांग्लादेश से भारत आई थी। उसके बाद से ही देहरादून में अवैध रूप से रहते हुए मजदूरी कर के अपना जीवन यापन कर रही है। महिला को हिरासत में लेकर उसे नियमानुसार बांग्लादेश डिपोर्ट करने की कार्रवाई की जा रही है।












Click it and Unblock the Notifications