Dehradun news: मासूमों के हाथों में फावड़ा, तसला और बजरी, स्कूल में मजदूरी कराने का वीडियो वायरल होते ही एक्शन
Dehradun news: देहरादून के सरकारी स्कूल में छात्रों से मजूदरी कराने का वीडियो वायरल हुआ है। मामला सामने आते ही शिक्षा महकमें में हड़कंप मचा हुआ है। राजधानी में शहर के बीचोंबीच मासूमों के हाथ में किताब की जगह फावड़ा, तसले और बजरी उठाते हुए नजर आए।
शिक्षा विभाग ने आनन फानन में इसकी जांच कराई और कार्रवाई करते हुए प्रधानाध्यापिका को निलंबित कर दिया। इससे पहले एक सरकारी स्कूल में शिक्षक की गाड़ी को पानी से धुलते हुए वीडियो वायरल हो चुका है। लेकिन इन पर किसी तरह की रोकथाम नहीं लग पा रही है।

मामला देहरादून के राजकीय प्राथमिक विद्यालय टी स्टेट, बंजारावाला का बताया जा रहा है। जहां दोपहर में स्कूल के अंदर कुछ बच्चों को फावड़ा से तसलों में भरकर बजरी स्कूल में ले जाने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। आसपास काफी शोर भी सुनाई दे रहा है। स्कूल के पास ही फावड़ा से बजरी उठाकर सिर पर ले जाकर गड्ढों को भरते हुए छात्रों का यह वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है। लोग इस पर कई तरह की प्रतिक्रियाएं भी दे रहे हैं।
वीडियो में करीब 8 से 10 बच्चे दिख रहे हैं, जो बजरी से भरे तसले सिर पर उठाकर स्कूल की ओर जाते हुए दिख रहे हैं। प्रधानाध्यापिका पर निशुल्क शिक्षा का अधिकार अधिनियम-2009 और महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास विभाग की धारा-13 का उल्लंघन करने के तहत कार्रवाई की गई है।
मामले पर जिला शिक्षा अधिकारी (बेसिक) प्रेमलाल भारती ने निलंबन के आदेश जारी किए। उन्होंने बताया, खंड शिक्षा अधिकारी रायपुर प्रेमलता गौड़ मामले की जांच सौंपी गई है। साथ ही स्कूल की प्रधानाध्यापिका अंजू मेनादुली को तत्काल निलंबित करने के आदेश कर दिए। उन्होंने आदेश में कहा कि किसी भी विद्यालय में इस तरह की घटना बर्दाश्त नहीं की जाएगी। वीडियो के आधार पर शिक्षा सचिव रविनाथ रमन और अन्य अधिकारियों को भी इसकी जानकारी मिली। इसके बाद उन्होंने विभाग को जांच कर कार्रवाई के निर्देश दिए।












Click it and Unblock the Notifications