Dehradun news: यहां तड़के क्लोरीन गैस रिसाव से मचा हड़कंप, आसपास का इलाका कराया गया खाली, रेस्क्यू जारी
Dehradun news: देहरादून के प्रेमनगर क्षेत्र में हुए क्लोरीन गैस रिसाव से हड़कंप मचा हुआ है। आसपास के इलाकों को खाली कराकर रेस्क्यू अभियान चलाया जा रहा है। मौके पर पुलिस, एनडीआरएफ, एसडीआरएफ और फायर कर्मियों की टीम रेस्क्यू अभियान चला रही हैं। इस बीच स्थानीय लोगों को घरों से रेस्क्यू कर सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जा रहा है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार आज तड़के सुबह थाना प्रेम नगर को सूचना मिली कि झांझरा क्षेत्र में स्थित एक प्लॉट में रखें गैस सिलेंडरों से क्लोरीन गैस का रिसाव हो रहा है। सूचना पर थाना प्रेमनगर से पुलिस बल और पुलिस स्टेशन देहरादून से फायर कर्मियों की टीम तत्काल घटनास्थल पर पहुंची।
इस बीच एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमो को सूचित करते हुए मौके पर बुलाया गया। घटना की सूचना पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय सिंह खुद मौके पर पहुंचे और रेस्क्यू कार्यो का जायजा लिया। इस बीच रेस्क्यू टीमों ने मौके पर राहत एवं बचाव कार्य प्रारंभ करते हुए आस-पास के क्षेत्र में स्थित घरों से लोगों को रेस्क्यू पर करते हुए सुरक्षित स्थानों पर ले गए।
एसडीआरएफ टीम ने बताया कि तड़के 03:55 बजे सूचना मिली कि झाझरा के पास खुले मैदान में क्लोरीन के 6 बड़े सिलेंडर रखे गए हैं।
जिसमें से दो सिलेंडर से गैस लीक हो रही है। उस स्थान से कुछ दूरी पर आवासीय परिसर है। सूचना पर कमान्डेंट SDRF और विशेषज्ञ CBRN (Chemical, Biological, Radiological, Nuclear) टीम CBRN किट,आवश्यक डिटेक्टर्स व रेस्क्यू उपकरणों के तत्काल वाहिनी मुख्यालय जॉलीग्रांट से घटनास्थल पर पहुंचे।
घटनास्थल पर देखा गया कि एक खाली प्लॉट में रखें गैस सिलेंडरों से क्लोरीन गैस का रिसाव हो रहा है। क्लोरीन गैस के रिसाव से संपर्क में आने से चक्कर आना, चेहरे और आँखों में जलन, सांस लेने में परेशानी और उल्टी,सिरदर्द भी होता है।
आस-पास के क्षेत्र में स्थित घरों से लोगों को रेस्क्यू करते हुए सुरक्षित स्थानों पर ले जाया गया। मौके पर पुलिस ,फायर सर्विस व एन0डी0आर0एफ CBRN टीम भी मौजूद है। सभी के द्वारा संयुक्त आपरेशन चलाते हुए गैस लीकेज को रोकने व सिलिंडर को घटनास्थल से हटाने का प्रयास किया जा रहा है।
एसएसपी अजय सिंह ने बताया कि मौके से गैस सिलैंडरों को हटाने की कार्रवाई की जा रही है। खाली प्लॉट में गैस सिलेंडरो को किन कारणों से रखा गया था, इस संबंध में विस्तृत जांच की जा रही है।












Click it and Unblock the Notifications