हवाई सफर में भी अब ले सकेंगे उत्तराखंड के मंडुवा, झंगोरा, बाजरा से बने पकवान का स्वाद, ये हो सकते हैं शामिल
उत्तराखंड की स्थानीय फ्लाइट पर मंडुवा, झंगोरा, बाजरा समेत अन्य उत्पादों से बने पकवान परोसे जाएंगे। केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने सहमति देते हुए पहाड़ी व्यंजनों की सूची भी मांगी है।

उत्तराखंड की स्थानीय फ्लाइटों में अब पहाड़ी उत्पाद से बने व्यंजन खाने को मिलेंगे। इसके लिए पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज के प्रस्ताव पर केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने सहमति देते हुए पहाड़ी व्यंजनों की सूची भी मांगी है।
कैबिनेट मंत्री महाराज ने दिल्ली में केंद्रीय मंत्री सिंधिया से मुलाकात की
उत्तराखंड के मंडुवा, झंगोरा, बाजरा समेत अन्य उत्पादों की डिमांड बढ़ती जा रही है। इन उत्पादों से बने पकवान को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने के लिए सरकार कोशिश में जुटी हुई है। ऐसे में अब उत्तराखंड की स्थानीय फ्लाइट पर भी इनके पकवान परोसे जाएंगे। सोमवार को कैबिनेट मंत्री महाराज ने दिल्ली में केंद्रीय मंत्री सिंधिया से मुलाकात की। उन्होंने उत्तराखंड से आने-जाने वाली फ्लाइटों में यात्रियों को राज्य के व्यंजन परोसने और अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट बनाने के मुद्दे पर चर्चा की। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में मंडुवा, झंगोरा समेत अन्य उत्पादों से कई तरह के व्यंजन तैयार किए जाते हैं। जिनमें न्यूट्रीशियन की मात्रा अधिक होती है। उत्तराखंड से कनेक्ट फ्लाइटों में यात्रियों को इन व्यंजनों को परोसने से एक पहचान मिलेगी। इसके साथ ही मार्केटिंग की भी सुविधा मिलेगी।
व्यंजनों की सूची उपलब्ध कराने को कहा
केंद्रीय मंत्री ने सहमति जताते हुए राज्य के व्यंजनों की सूची उपलब्ध कराने को कहा है। महाराज ने प्रदेश के पर्यटन और तीर्थाटन के सामरिक महत्व को ध्यान में रखते हुए राज्य में अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट की आवश्यकता पर जोर दिया है। महाराज ने बताया कि राज्य में जौलीग्रांट और पंतनगर एयरपोर्ट का विस्तार व अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट बनाया जाना प्रस्तावित है। इसके लिए जौलीग्रांट में 1200 हेक्टेयर और पंतनगर में 1100 हेक्टेयर भूमि का चयन किया गया है। इस पर केंद्रीय मंत्री ने महाराज को अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट स्थापित करने की जानकारी देते हुए कहा कि पूरी प्रक्रिया के अनुसार आवेदन करें। इसमें केंद्र की ओर से पूरा सहयोग किया जाएगा।
पहाड़ी उत्पाद से बने करीब 150 से ज्यादा व्यंजन
उत्तराखंड से कनेक्ट फ्लाइटों में पहाड़ी उत्पाद से बने करीब 150 से ज्यादा व्यंजन की लिस्ट उपलब्ध कराई जा सकती है। जिसमें से मंडुवा और बाजरा से बने सैंडविच, समोसे, इडली, केक, बिस्कुट, पिजा, वेज पुलाओ, मुजकेक, मोमो, घेवर, स्प्रिंग रोल, झंगोरे की खीर, ढोकला, पोहा, बाल मिठाई समेत अन्य कई पहाड़ी व्यंजन हैं।












Click it and Unblock the Notifications