तिहाड़ जेल में रची साजिश,घर के एक कर्मचारी के साथ दिल्ली के कुख्यात गैंग ने की डकैती,हाथ लगे ग्यारह सौ रुपए
देहरादून में डकैती की घटना को अंजाम देने वाले दिल्ली के कुख्यात गैंग के मास्टर मांइड सहित 04 शातिर कुख्यात अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है।
इस डकैती की साजिश तिहाड़ जेल में रची गई। आरोपियों ने घर के एक कर्मचारी के साथ मिलकर डकैती की घटना को अंजाम दिया। हालांकि इस घटना में आरोपियों को सिर्फ 11 सौ रुपए और एक मोबाइल ही हाथ लगा।

एसएसपी अजय सिंह ने बताया कि बीते 24 मई को थाना डालनवाला पर प्रणव सोईन ने शिकायत दर्ज कराई कि तीन अज्ञात अभियुक्तगण द्वारा उनके घर में घुसकर उनकी माता व घऱ के नौकरानी मीता के हाथ बांधकर घऱ के लॉकर में रखी नकदी व दो मोबाइल फोन को लूट कर ले गये।
पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच पड़ताल की। पुलिस को आसपास 04 संदिग्ध अभियुक्त फुटेज में दिखायी दिये। संदिग्धता के आधार पर सीसीटीवी फुटेज में दिखे व्यक्तियों के हुलिये को सोशल मीडिया, नेशनल पुलिस ग्रुप व अन्य राज्यों की पुलिस से साझा किया तो पुलिस को इस तरह के गैंग के दिल्ली में सक्रिय होने के सम्बन्ध में पुख्ता जानकारी मिली।
पुलिस ने दिल्ली से 02 अभियुक्तों राजेश कुमार बंसल उर्फ मदन व अभियुक्त रिंकू कुमार उर्फ हरीश को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ के दौरान अभियुक्त राजेश कुमार बंसल उर्फ मदन ने बताया कि तिहाड जेल बन्द होने के दौरान मैने रिंकू, प्रेम व मोहित के साथ दिसम्बर 2023 में देहरादून में डकैती की योजना बनाई गई। जहां से जमानत पर छुटने के बाद हमारी मुलाकात सरधना मेरठ निवासी सागर सोम से हुई।
जिसने हमें बताया कि वो चन्द्रलोक कालोनी देहरादून निवासी एक महिला सुमित सोईन जो काफी पैसे वाली है की कन्स्ट्रक्शन साइट पर काम करता है, जिसके पति का कुछ समय पूर्व देहांत हो चुका है और महिला अपने बेटे के साथ घर पर अकेली रहती है। सागर पूर्व में उक्त महिला की कन्स्ट्रक्शन साइट पर काम करता था, जिसमें काम पूरा होने के बाद महिला द्वारा सागर के साथ हिसाब किताब के दौरान 02 लाख रूपयों की हेराफेरी की गई।
जिस कारण वो उसे सबक सिखाना चाहता है। इस योजना में अभियुक्तगण द्वारा सुमित सोईन के नौकर संजीव को भी लालच देकर अपने साथ मिला लिया गया। योजना के अनुसार जनवरी 2024 में देहरादून आकर चन्द्रलोक कालोनी स्थित उक्त महिला के आवास की रैकी की गई और अप्रैल 2024 में घर में डकैती की योजना बनाई लेकिन उस समय हम योजना में असफल हो गये।
इसके बाद 24 मई को पुन गांधी पार्क देहरादून में योजना को अंजाम देने हेतु एकत्रित हुए और घर के नौकर संजीव का फोन आने के बाद मदन अपने अन्य साथियों प्रेम, रिंकू तथा एक अन्य साथी के साथ साईलोक कालोनी स्थित आवास में घुसे। प्रेम घर के बाहर खडे होकर निगरानी करने लगा।
शेष तीनों अभियुक्तगण द्वारा घर पर अकेली महिला और नौकरानी को हथियारों का भय दिखाकर बंधक बना लिया और घर में रखी नकदी व मोबाइल लूट लिये। आसपास लोग इकट्टा होने के कारण आनन-फानन में चारों बदमाश ऑटो ई-रिक्शा से मौके से फरार हो गये थे।
दोनों अभियुक्त रिंकू व राजेश की गिरफ्तारी के बाद मुकदमे में कुल सात लोगों की संलिप्तता पाये जाने पर मुकदमा डकैती में बदल दिया गया। अभियुक्तों को सिम कार्ड उपलब्ध कराने वाले तीसरे अभियुक्त मोहित गंगवार को सैलाकुई स्थित उसके फ्लैट से गिरफ्तार किया गया।












Click it and Unblock the Notifications