'प्रीपेड मीटर नहीं लगने दूंगा' कांग्रेस MLA ने कर्मचारियों को खदेड़ा, मीटरों को तोड़ा,जानिए क्या बताई वजह
उधम सिंह नगर के किच्छा में कांग्रेस के विधायक तिलक राज बेहड़ स्मार्ट प्रीपेड मीटर के खुलकर विरोध में आ गए हैं। विधायक बेहड़ ने न सिर्फ कर्मचारियों को खरी खोटी सुनाई। बल्कि, स्मार्ट प्रीपेड मीटर को जमीन में पटक कर तोड़ दिया।
उन्होंने ऐलान किया है कि जहां मीटरों का विरोध होगा, वहां तिलक राज स्थानीय लोगों के साथ खड़ा होगा। उन्होंने साफ कहा कि गरीबों का खून चूसने नहीं दिया जाएगा। कांग्रेस विधायक तिलक राज बेहड़ लंबे समय से स्मार्ट प्रीपेड मीटर का विरोध कर रहे हैं।

बेहड़ ने पहले ही स्मार्ट प्रीपेड मीटर लगाने का जमकर विरोध किया। अब जब स्मार्ट मीटर लगने शुरू हुए तो खुलकर मोर्चा खोल दिया। विधानसभा क्षेत्र किच्छा के ग्राम शंकर फार्म में कुछ कर्मचारी प्रीपेड मीटर लगाने आए। जिस पर ग्रामीणों ने विरोध कर दिया। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि उन्हें धमकाया जा रहा है कि स्मार्ट प्रीपेड मीटर न लगाने पर ₹10 हजार का जुर्माना लगाया जाएगा। साथ ही मुकदमा भी दर्ज किया जाएगा।
जैसे ही विधायक को इसकी भनक लगी वे तुरंत मौके पर पहुंचे। कांग्रेस विधायक तिलक राज बेहड़ का गुस्सा सातवें आसमान में जा पहुंचा। उन्होंने मीटर लगाने आए कर्मियों को जमकर खरी खोटी सुनाई। साथ ही गुस्से में विधायक बेहड़ ने कुछ स्मार्ट प्रीपेड मीटर को जमीन में पटक कर तोड़ डाले। उन्होंने स्मार्ट प्रीपेड मीटर को गरीबों का खून चूसने वाला बताया।
किच्छा विधायक तिलक राज बेहड़ ने कहा कि जहां भी स्मार्ट प्रीपेड मीटर लगाने विरोध होगा, वहां पर किसी भी कीमत पर मीटर लगने नहीं दिया जाएगा। किसी भी गरीब का खून चूसने नहीं दिया जाएगा। जहां-जहां विरोध होगा, वहां-वहां पर तिलक राज बेहड़ पहुंचकर उनके साथ खड़ा होगा, आज उन्होंने इसके विरोध में मीटरों को तोड़ा है।उनके खिलाफ अगर मुकदमा भी होता है तो वो तैयार हैं। विधायक की खुली चुनौती के बाद अब विभाग के लिए भी मुश्किलें खड़ी हो गई हैं।












Click it and Unblock the Notifications