अमरनाथ में फंसे उत्तराखंड के लोगों को रेस्क्यू करने के लिए सीएम ने संभाली कमान, यात्रियों से की फोन पर बात
अमरनाथ यात्रा में फंसे उत्तराखंड के लोगों की वापसी की पहल
देहरादून, 9 जुलाई। अमरनाथ यात्रा में फंसे उत्तराखंड के लोगों को सुरक्षित लाने के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पहल की है। उत्तराखंड से 12 लोगों के अमरनाथ यात्रा में फंसे होने की जानकारी मिली है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह इस मसले पर फोन पर बात की। उन्होंने रक्षा मंत्री से प्रभावितों को हर संभव सहायता पहुंचाने का अनुरोध किया। मुख्यमंत्री ने यात्रा में फंसे उत्तराखंड के लोगों को सुरक्षित लाने के हर प्रयास करने की बात की है।

तीर्थ यात्रियों से फोन पर बातचीत की
उत्तराखंड से अमरनाथ यात्रा में गए श्रद्धालु आपदा के बाद फंसे हुए हैं। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने तीर्थ यात्रियों से फोन पर बातचीत की और उनका हाल चाल जाना। इसके साथ ही सीएम ने यात्रियों को आश्वासन दिलाया कि सभी को सकुशल रेस्क्यू कर लिया जाएगा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने यात्रा मार्ग पर हुई दुर्घटना पर दुःख व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्माओं की शांति की ईश्वर से कामना की। उन्होंने मृतकों के परिजनों को दुःख की इस घड़ी में शक्ति प्रदान करने की भी कामना की।
Recommended Video
16 लोगों की मौत, 40 लोग अभी भी लापता
अमरनाथ गुफा के नजदीक बादल फटने से हुए हादसे के दूसरे दिन भी राहत बचाव का कार्य जारी है। अब तक 15 हजार तीर्थ यात्रियों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है। बचाव अभियान में बीएसएफ के MI-17 हेलीकॉप्टर को लगाया गया है। फंसे हुए घायल तीर्थयात्रियों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचा रहा है। घायलों को नीलगढ़ हेलीपैड बालटाल से बीएसएफ कैंप श्रीनगर तक पहुंचा रहा है। जिससे उनका अस्पताल में उपचार किया जा सके। एनडीआरएफ के डीजी अतुल करवाल ने कहा कि हादसे में अब तक 16 लोगों की मौत हो गई है। 40 लोग अभी भी लापता हैं। उन्होंने कहा कि भूस्खलन नहीं, लेकिन बारिश जारी है, हालांकि बचाव कार्य में कोई दिक्कत नहीं है। बचाव कार्य में 100 से अधिक बचावकर्मियों के साथ एनडीआरएफ की 4 टीमें मौके पर तैनात हैं। भारतीय सेना, एसडीआरएफ, सीआरपीएफ और अन्य बचाव दल को तैनात किया गया है। उन्होंने कहा कि बादल फटने से प्रभावित इलाकों के पास लगातार मलबा साफ किया जा रहा है और लापता लोगों की तलाश जारी है।












Click it and Unblock the Notifications