पिंडर-कोसी नदी को जोड़ने उत्तराखंड में बढ़ेगी जल आपूर्ति, सीएम धामी ने काम में तेजी लाने के दिए निर्देश
Pindar-Kosi River Linking: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अधिकारियों को पिंडर और कोसी नदियों को जोड़ने की प्रक्रिया में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं। इस पहल का उद्देश्य इन नदियों में निरंतर जल आपूर्ति सुनिश्चित करना है। राज्य सरकार इस परियोजना के लिए केंद्र से सहायता लेने की प्लानिंग कर रही है।
राज्य सचिवालय में सिंचाई विभाग के साथ समीक्षा बैठक के दौरान सीएम धामी ने बांधों से गाद निकालने की अहमियत पर जोर दिया।

बता दें धामी सरकार इस प्रोजेक्ट पर ध्यान केंद्रित करके राज्य के लोगों की पेयजल की जरूरतों और कृषि सिंचाई की ज़रूरतों को प्रभावी ढंग से पूरा करना है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने दो महीने के भीतर ड्रेजिंग के लिए विस्तृत कार्ययोजना बनाने को कहा। इसके अलावा उन्होंने शहरी क्षेत्रों के लिए मास्टर ड्रेनेज प्लान और फ्लड प्लेन ज़ोनिंग में तेजी लाने की जरूरत पर जोर दिया।
गाद हटाकर जल स्तर बढ़ाने पर दिया जोर
मुख्यमंत्री ने इस बात पर जोर दिया कि गाद हटाकर जल स्तर बढ़ाना बहुत जरूरी है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे गंगा और उसकी सहायक नदियों में पानी की शुद्धता सुनिश्चित करने के लिए सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) के बिना नालों की पहचान करें। घाटों के निर्माण पर भी विशेष ध्यान दिया जाना चाहिए।
बजट आवंटन
सीएम धामी ने जमरानी बांध बहुउद्देशीय परियोजना और सौंग बांध पेयजल परियोजना से जुड़ी सभी औपचारिकताएं सितंबर तक पूरी करने की समयसीमा तय की। ये परियोजनाएं क्षेत्र में पानी की उपलब्धता और सिंचाई सुविधाओं में सुधार के लिए महत्वपूर्ण हैं।
बैठक में बताया गया कि वित्तीय वर्ष 2024-25 में जमरानी बांध परियोजना के लिए 710 करोड़ रुपए आवंटित किए गए हैं। इस परियोजना से हल्द्वानी शहर और आस-पास के क्षेत्रों को प्रतिदिन 117 मिलियन लीटर (एमएलडी) पेयजल उपलब्ध होने की उम्मीद है, साथ ही लगभग 57,000 हेक्टेयर क्षेत्र में अतिरिक्त सिंचाई भी होगी।
मुख्यमंत्री के निर्देशों का उद्देश्य उत्तराखंड के लिए जल प्रबंधन के बुनियादी ढांचे को बढ़ाना और स्थायी जल संसाधन सुनिश्चित करना है।












Click it and Unblock the Notifications