चंपावत उपचुनाव: सीएम धामी के पक्ष में प्रचार करने चंपावत आएंगे यूपी के सीएम योगी
शनिवार को टनकपुर और बनबसा क्षेत्र में योगी करेंगे प्रचार
देहरादून, 27 मई। चंपावत उपचुनाव में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के पक्ष में प्रचार करने के लिए यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आएंगे। भाजपा सूत्रों का दावा है कि शनिवार को चम्पावत विधानसभा क्षेत्र के टनकपुर और बनबसा क्षेत्र में आएंगे। भाजपा के बड़े चेहरे के रूप में योगी आदित्यानाथ चंपावत आएंगे।

सेलिब्रिटी से लेकर नेताओं का जमावड़ा
चंपावत चुनाव को लेकर भाजपा ने पूरी ताकत झौंक दी है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को रिकॉर्ड मत से जिताने को भाजपा हर प्रयोग कर रही है। सेलिब्रिटी से लेकर नेताओं का चंपावत में लगातार कार्यक्रम लग रहे हैं। सेलिब्रिटी में इंडियन आइडल विनर पवनदीप राजन, कलाकार हेमंत पांडेय और कवि कुमार विश्वास के चंपावत में सीएम के पक्ष में कार्यक्रम आयोजित किए जा चुके हैं। वहीं सीएम धामी के अलावा कैबिनेट मंत्रियों ने भी चंपावत में डेरा डाला हुआ है। खासकर गणेश जोशी, धन सिंह रावत, सौरभ बहुगुणा, चंदनराम दास, रेखा आर्य लगातार प्रचार प्रसार कर रहे हैं। संगठन से प्रदेश महामंत्री समेत कई पदाधिकारी मोर्चा खोले हुए हैं। चंपावत में 31 मई को मतदान है। इससे पहले भाजपा अपने सबसे बड़े मुख्यमंत्री के चेहरे सीएम योगी आदित्यनाथ को चंपावत ला रही है। सीएम योगी का कार्यक्रम लगभग फाइनल हो गया है। अभी तक जो कार्यक्रम तय किया गया है, उसके हिसाब से सीएम योगी सुबह करीब 11 बजे स्पोर्ट्स स्टेडियम टनकपुर हेलीपैड में उतरेंगे। यहां से वह सीधे मुख्य बाजार के निकट स्थित गांधी मैदान में कार्यक्रम जनसभा स्थल पर पहुंचेंगे। करीब तीन घंटे तक सीएम योगी का टनकपुर में कार्यक्रम प्रस्तावित है। योगी के साथ भाजपा के बड़े दिग्गज चेहरे चंपावत में मौजूद रहेंगे। जो कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के लिए वोट मांगेंगे।
भाजपा का दावा, योगी के आने से लगेगी धामी की प्रचंड जीत पर औपचारिक मुहर
चंपावत उपचुनाव को लेकर यूपी सीएम योगी आदित्यनाथ के दौर के मद्देनजर भाजपा ने दावा किया है कि देवभूमि की शान योगी के आने से सीएम पुष्कर सिंह धामी की प्रचंड जीत पर औपचारिक मुहर लगने वाली है।भाजपा प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर सिंह चौहान ने तंज़ कसते हुए कहा कि प्रदेश कॉंग्रेस नेता मेहमाननवाजी के लिए दिल्ली से आने वाले नेताओं के इंतेजार में है, लेकिन हालत देखकर कोई चंपावत आने की हिम्मत नहीं जुटा पा रहा है। उन्होने योगी के दौरे को लेकर कांग्रेस नेताओं के बयानों पर आपत्ति जताते हुए कहा कि हार के डर से आपके नेता प्रचार करने दिल्ली से आ ही नहीं रहे हैं तो भाजपा नेताओं पर क्यूं खीज उतार रहे हैं। चौहान ने कहा कि सबका साथ, सबका विश्वास और सबका विकास सबका प्रयास के मुद्दे पर चंपावत उपचुनाव में उतरे भाजपा प्रत्याशी मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की ऐतिहासिक जीत तय है। उन्होने दावा किया कि इस जीत को और अधिक शानदार बनाने के लिए शनिवार को उत्तरप्रदेश के लोकप्रिय मुख्यमंत्री और उत्तराखंड के लाल योगी आदित्यनाथ का चंपावत दौरा निर्णायक साबित होगा। उन्होने कहा कि भाजपा जहां अपने संगठन की मेहनत व प्रदेश सरकार के कार्यों की बदौलत जनता के मध्य प्रचार कर रही है। इस दौरान चंपावत विधानसभा के कोने कोने में यहां की महान जनता से मिलने वाले आशीर्वाद ने माहौल भाजपामय बना दिया है। मनवीर चौहान ने दावा किया कि जनता का युवा सीएम धामी के पक्ष में जबरदस्त उत्साह देखते हुए कांग्रेस हार पहले ही स्वीकार कर चुकी है।स्थानीय कांग्रेस दिग्गजों के चंपावत दौरों पर उंगली उठाते हुए कहा कि यह सब दौरे तो लगातार भाजपा द्वारा ललकारे जाने से अपनी पार्टी कार्यकर्ताओं व जनता के बीच हो रही किरकिरी को देखते हुए हैं।












Click it and Unblock the Notifications