चंपावत उपचुनाव:मतदान का काउंडाउन शुरू, प्रचार के आखिरी दौर में कांग्रेस ने उतारी संगठन की 'टीम-11'
चंपावत में कांग्रेस ने संगठन की टीम को उतारा
देहरादून, 20 मई। चंपावत के रण में देर से ही सही कांग्रेस ने अपनी टीम 11 को उतार दिया है। इसके लिए पार्टी ने पूर्व विधायक, पूर्व मंत्री समेत कई पदाधिकारियों को चंपावत में जाकर पार्टी का मोर्चा संभालने के निर्देश दिए है। ऐसे में साफ है कि आखिरी 11 दिन में अब कांग्रेस फील्डिंग सजाने में जुट गई है। इसके साथ ही हरीश रावत भी 23 मई से प्रचार प्रसार के लिए मैदान में कूदने जा रहे हैं। गौर है कि भाजपा में धामी के प्रचार के लिए परिवार और पार्टी जोर लगा रहा है।

धामी के लिए परिवार, पार्टी ने लगाया जोर
चंपावत में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को जिताने के लिए भाजपा ने पूरा जोर लगाया हुआ है। इसके लिए पार्टी ने दो हफ्ते से ही चंपावत में डेरा डाला हुआ है। इतना ही नहीं भाजपा की आधी कैबिनेट चंपावत में सीएम को जिताने के लिए ऐड़ी चोटी का जोर लगा रहे हैं। भाजपा इस चुनाव को ऐतिहासिक बनाने के लिए पूरा जोर लगा रही है। भाजपा का जहां संगठन एकजुट होकर प्रचार प्रसार कर रहा है। तो वहीं सीएम पुष्कर सिंह धामी की पत्नी ने भी चंपावत में महिला मोर्चा के साथ डेरा डाला हुआ है। ऐसे में भाजपा किसी भी कीमत में रिकॉर्ड बनाने में जुट गई है।
कांग्रेस ने पुराने चेहरों को लगाया प्रचार में
इधर मुख्य विपक्षी कांग्रेस की प्रत्याशी निर्मला गहतोड़ी के पक्ष में माहौल बनाने में जुट गई है। चुनाव से ठीक पहले संगठन ने पूर्व मंत्री और पूर्व विधायक समेत कई दिग्गजों को मोर्चा संभालने को कहा है। इसमें शूरवीर सजवाण और मंत्री प्रसाद नैथानी का नाम शामिल है। लेकिन सवाल ये है कि पार्टी देर से अपनी टीम क्यों उतार रही है। भाजपा 15 दिनों से अपने पूरे संगठन को चंपावत में पहुंचा चुकी है जबकि कांग्रेस अब 11 दिन रहते संगठन को भेज रही है। इस बीच प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा, नेता प्रतिपक्ष रहे प्रीतम सिंह, उपनेता प्रतिपक्ष भुवन कापड़ी, राज्य सभा सांसद प्रदीप टम्टा, विधायक सुमित ह्रदयेश समेत कई नेता प्रचार प्रसार करने में जुटे है। लेकिन फिर भी कांग्रेस की तैयारी अब तक कमजोर ही नजर आ रही है। इसके बाद अब पूर्व सीएम हरीश रावत 23 मई से प्रचार प्रसार करेंगे। इसके अलावा संगठन में राहुल गांधी के बनबसा पहुंचने की भी अंदरखाने चर्चा है। हालांकि उपचुनाव को देखते हुए इसके कम ही चांस लग रहे हैं।
40 प्रतिशत बूथों पर मतदान की लाइव स्ट्रीमिंग
चंपावत उपचुनाव के लिए चुनाव आयोग ने तैयारी पूरी कर ली है। 31 मई को उपचुनाव है। 3 जून को मतगणना है। मुख्य निर्वाचन अधिकारी सौजन्या ने बताया कि चुनाव की तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। केंद्रीय ऑब्जर्वर उत्तराखंड पहुंच चुके हैं। सभी बूथों के लिए वीवीपैट वाली ईवीएम की व्यवस्था की गई है। करीब 40 प्रतिशत बूथों पर मतदान की लाइव स्ट्रीमिंग होगी, जिसे राज्य और केंद्र में बैठे चुनाव आयोग के अधिकारी देख सकेंगे। आपात स्थिति के लिए अतिरिक्त ईवीएम भी रिजर्व में रखी जा रही हैं। मतदान में सभी लोग हिस्सा लें, इसके लिए लोगों को जागरूक किया जा रहा है। आयोग की तरफ से जागरूकता कार्यक्रम चलाए गए हैं।












Click it and Unblock the Notifications