चमोली टनल हादसे में अब तक 7 मजदूरों की मौत, घायलों के नाम आए सामने, किस राज्य के कितने?
Chamoli Tunnel Accident: चमोली के पीपलकोटी में निर्माणाधीन टनल में हुए हादसे ने एक बार फिर उत्तराखंड में सुरंग निर्माण की सुरक्षा पर सवाल खड़े कर दिए हैं। गुरुवार शाम पानी रिसने के साथ हुए लैंडस्लाइड के बाद टनल में मलबा और पानी भर गया था। इसके चलते अंदर काम कर रहे मजदूर फंस गए।
रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद सभी मजदूरों को बाहर निकाल लिया गया, लेकिन हादसे में 7 मजदूरों की मौत की आधिकारिक पुष्टि हुई है। 2 अन्य मौतों की पुष्टि अभी बाकी है। हादसे में जान गंवाने वाले मजदूर अलग-अलग राज्यों से बताए जा रहे हैं।

चमोली टनल हादसे में 7 मजदूरों की मौत
पीपलकोटी के मायापुर में टीएचडीसी की निर्माणाधीन करीब 3 किलोमीटर लंबी टनल में गुरुवार शाम करीब 7 बजे पानी रिसने के साथ अचानक लैंडस्लाइड हो गया। देखते ही देखते टनल में मलबा और पानी भर गया और 22 मजदूर अंदर फंस गए। बचाव दल ने घंटों की मशक्कत के बाद सभी मजदूरों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। हालांकि इस हादसे में 7 मजदूरों की मौत की आधिकारिक पुष्टि हुई है।
ये भी पढे़ं: Chamoli Tunnel Collapse Reason: 3,860 करोड़ के प्रोजेक्ट में हादसा, चमोली में कैसे धंस गई टनल? 16 मजदूर फंसे
मृतकों में बिहार और झारखंड के मजदूर
हादसे में जान गंवाने वाले मजदूरों में बिहार और झारखंड के श्रमिक भी शामिल हैं। उपलब्ध जानकारी के मुताबिक मृतकों में मुकेश, प्रदीप पंवार, दुर्लभ शर्मा, विजय, जितेंद्र, लकेश्वर और घुनेश्वर के नाम सामने आए हैं। हालांकि इन सभी मृतकों की राज्यवार सूची की आधिकारिक पुष्टि अभी स्पष्ट नहीं है। इसलिए अलग-अलग राज्यों से मृतकों की संख्या को लेकर अंतिम आंकड़ा प्रशासन की विस्तृत सूची आने के बाद ही साफ होगा।
घायलों की सूची में कई राज्यों के नाम
हादसे के बाद सामने आई सूची में घायलों के नाम भी दिए गए हैं। इसमें बिहार, झारखंड, छत्तीसगढ़, पंजाब और उत्तराखंड के मजदूर शामिल हैं। सूची के मुताबिक बिहार के 2, झारखंड के 5, छत्तीसगढ़ के 2, पंजाब के 1 और उत्तराखंड के 1 मजदूर का नाम है। ध्यान देने वाली बात यह है कि यह घायलों की सूची है, इसे मृतकों की राज्यवार सूची नहीं माना जा सकता।
सेना और ITBP समेत कई टीमें रेस्क्यू में जुटीं
हादसे की सूचना मिलते ही प्रशासन ने बड़े स्तर पर रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। जिलाधिकारी गौरव कुमार की निगरानी में पुलिस, एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, डीआरएफ और फायर सर्विस की टीमें मौके पर पहुंचीं। सेना और आईटीबीपी की अतिरिक्त टीमें भी गौचर और जोशीमठ से घटनास्थल के लिए रवाना की गईं। पानी और मलबे के कारण सुरंग के अंदर पहुंचना बचाव दल के लिए बड़ी चुनौती बना रहा।
ये भी पढे़ं: CHAMOLI निर्माणाधीन सरकारी बिल्डिंग में नमाज पढ़ने का वीडियो वायरल, मचा बवाल, प्रशासन ने की ये कार्रवाई
2021 के तपोवन हादसे की याद फिर ताजा
चमोली में टनल हादसे ने पांच साल पहले हुए तपोवन हादसे की याद भी ताजा कर दी है। 7 फरवरी 2021 को ऋषिगंगा क्षेत्र में एवलांच के बाद अचानक पानी और मलबे का सैलाब आया था। इससे तपोवन-विष्णुगाड जलविद्युत परियोजना की टनलें प्रभावित हुई थीं। उस हादसे में 200 से ज्यादा लोगों के लापता होने की सूचना थी और बड़ी संख्या में शव बाद में बरामद किए गए थे। अब पीपलकोटी हादसे ने एक बार फिर पहाड़ी इलाकों में सुरंग निर्माण की सुरक्षा पर सवाल खड़े कर दिए हैं।


Click it and Unblock the Notifications
