राष्ट्रीय खेलों में पदकों का शतक, अब नौकरी के साथ ही खिलाड़ियों को मिलेंगे लाखों रूपए होंगे मालामाल
राष्ट्रीय खेलों में उत्तराखंड ने अब तक का शानदार प्रदर्शन करते हुए पदकों का शतक लगाया है। 24 स्वर्ण, 35 रजत और 42 कांस्य पदकों के साथ उत्तराखंड 7वें नंबर पर है। उत्तराखंड ने राष्ट्रीय खेलों में पहली बार 101 पदक जीतने का कीर्तिमान बनाया है।
उत्तराखंड को पहला पदक वुशु में मिला। इसके बाद बॉक्सिंग, एथलेटिक्स, मॉडर्न पेंटाथलाॅन, जूडो, कैनोइंग और कयाकिंग, योगासन, लाॅनबाल और कुश्ती में खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन कर धमाल मचाया। अब सरकार पदक विजेताओं को पुरस्कार के रूप में तय धनराशि और नौकरी देगी।

मॉडर्न पेंटाथलाॅन में राज्य को छह स्वर्ण सहित सबसे अधिक 14 पदक मिले। ममता खत्री, मोनिका, मंजू गोस्वामी, सक्षम सिंह, नीरज नेगी, लाल सिंह ने स्वर्ण पदक जीता। कैनोइंग और कयाकिंग में पांच, बॉक्सिंग में तीन, एथलेटिक्स, ताइक्वांडो और जूड़ो में दो-दो स्वर्ण पदक मिले।
बॉक्सिंग में राज्य के कपिल पोखरिया, निवेदिता कार्की और नरेंद्र सिंह ने अपने पंच से सोना जीता। एथलेटिक्स में पहला स्वर्ण पदक दिलाने वाली अंकिता ध्यानी ने महिला वर्ग की 3000 और 5000 मीटर रेस में एक-एक स्वर्ण पदक जीता। जबकि 10 हजार मीटर रेस में रजत पदक दिलाया।
कुश्ती में उत्तम राणा, महिला कयाकिंग में सोनिया व रोजी देवी, मीरा दास, प्रभात कुमार, जूड़ाें में सिद्धार्थ रावत, ताइक्वांडों में पूजा, लाॅनबाल में उतत्कृष्ट द्विवेदी, योगासन में रोहित यादव, शशांक शर्मा, प्रियांशु, अजय वर्मा, कैनोइंग व कयाकिंग में रीना सैन और वुशु में अचोम तपस सहित कई खिलाड़ियों ने पदक जीते।
छह से लेकर 32 लाख रुपये तक मिलेंगे
राष्ट्रीय खेलों में पदक विजेता खिलाड़ियों को तय धनराशि के रूप में छह से लेकर 32 लाख रुपये तक मिलेंगे। कांस्य पदक विजेता को छह लाख रुपये की धनराशि पुरस्कार के रूप में दी जाएगी। जबकि स्वर्ण पदक विजेता को प्रति स्वर्ण पदक 12 लाख रुपये मिलेंगे। एथलेटिक्स की अंकिता ध्यानी ने दो स्वर्ण और एक रजत पदक जीता है। जिसे तय पुरस्कार की धनराशि के रूप में 32 लाख रुपये मिलेंगे।
धामी सरकार ने राष्ट्रीय खेलों में स्वर्ण, रजत और कांस्य पदक जितने वाले उत्तराखंड के खिलाड़ियों को प्रोत्साहन राशि के तौर पर 12 लाख, आठ लाख और 6 लाख रुपए देने का ऐलान कर चुकी है। पहले राष्ट्रीय खेलों में स्वर्ण, रजत और कांस्य पदक जितने वाले खिलाड़ियों को उत्तराखंड सरकार छह लाख, चार लाख और तीन लाख रुपए देती थी। इस बार उत्तराखंड सरकार ने अपने खिलाड़ियों को खेल के प्रति प्रोत्साहित करने के लिए प्रोत्साहन राशि दोगुनी कर दी है। इसके साथ ही उत्तराखंड में खेल कोटे के तहत खिलाड़ियों को सरकारी नौकरी में चार प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण का प्रावधान किया गया है।












Click it and Unblock the Notifications