ब्लैक संडे: उत्तराखंड में एक दिन में ही 4 बड़े हादसे, एक ही परिवार की 4 महिलाओं समेत 8 ने गंवाई जान
रविवार को उत्तराखंड में चार बड़े हादसे, 8 लोगों ने जान गंवाई
देहरादून, 13 जून। रविवार को उत्तराखंड में चार बड़े हादसे सामने आए जिनमें 8 लोगों ने जान गंवाई है। पिथौरागढ़ में एक ही परिवार की चार महिलाओं की मौत हो गई। जबकि नैनीताल में हल्द्वानी राजमार्ग पर एक कार खाई में गिरी, जिसमें 2 लोगों की मौत हो गई। एक अन्य हादसे में नैनीताल में ही ज्योलीकोट में एक वाहन के खाई में गिरने से एक की मौत हो गई। चौथा हादसा टिहरी के लंबगांव मार्ग पर हुआं जिसमें एक व्यक्ति की मौत हो गई।

बीते संडे से लगातार सामने आ रहे हादसे
उत्तराखंड में बीते संडे से लगातार हादसे सामने आ रहे हैं। बीते संडे को यमुनोत्री हाईवे पर एक यात्री बस में 26 यात्रियों की मौत हो गई। इसके बाद 9 जून को टिहरी गढ़वाल के घनसाली-घुट्टू मार्ग पर वाहन के खाई में गिरने से पांच लोगों की मौत हो गई है। वाहन में 8 लोग सवार थे। अब रविवार को एक ही दिन में 4 हादसे हो गए। पहला बड़ा मामला पिथौरागढ़ जिले के थल-डीडीहाट सड़क का है। जहां एक कार दुर्घटना में सास-बहू और देवरानी-जेठानी सहित चार महिलाओं की मौत हो गई, जबकि दोनों भाई गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों भाई परिवार के साथ अपने ननिहाल जा रहे थे। गांव में पूजा कर दोनों भाई अपनी पत्नी व मां के साथ ननिहाल मामा के परिवार से मिलने रवाना हुए। इस घटना में दोनों भाइयों ने अपनी पत्नियों के साथ मां को खो दिया है।
बाइक सवार ने दी सूचना
प्राप्त जानकारी के अनुसार कार अनियंत्रित होकर 100 मीटर गहरी खाई में गिर गई। इस घटना में साता निवासी तुलसी देवी(53), आशा देवी (50) व उसकी बहन मंडल सेरा निवासी तारा देवी (48) पत्नी बलवंत सिंह की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि तुलसी देवी के पति सेवानिवृत्त शिक्षक चंदन सिंह बसेड़ा (61) उनके भाई व आशा देवी के पति गोविंद सिंह बसेड़ा (57) व उनकी माता देवकी देवी (91) गंभीर रूप से घायल हो गए। घायल चंदन ने खाई से सड़क पर पहुंचकर एक बाइक सवार को घटना की सूचना दी। बाइक सवार ने पुलिस तक घटना की जानकारी पहुंचाई। सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस व एसडीआरएफ ने दो घंटे बाद शवों व घायलों को रेस्क्यू किया।
2 नैनीताल, 1 टिहरी में हुआ हादसा
दूसरा हादसा नैनीताल हल्द्वानी राष्ट्रीय राजमार्ग पर कार खाई में गिर गई। जिसमें रुद्रपुर निवासी पप्पू कश्यप व ओखलकांडा निवासी चंदन सिंह की मौत हो गई। वहीं तीसरा हादसा ज्योलीकोट क्षेत्र में एक कार के खाई में गिरने से एक होटल कर्मी अनिल साह की मौत हो गई। चौथा हादसा टिहरी के लंबगांव डोबरा मार्ग पर हुआ। जिसमें कार के अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिरने से मोटणा गांव निवासी 25 वर्षीय विक्रम सिंह की मौत हो गई।












Click it and Unblock the Notifications