BJP ने प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट को राज्यसभा का टिकट देकर चौंकाया,अब किसकी बारी,जानिए क्या है सियासी मायने
उत्तराखंड में भाजपा ने प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट को राज्यसभा का उम्मीदवार बनाकर एक बार फिर चौंका दिया है। जिस तरह की चर्चा उत्तराखंड भाजपा में महेंद्र भट्ट को राज्यसभा में भेजने को लेकर हो रही है, उससे साफ है कि आने वाले लोकसभा चुनाव और संगठन के अंदर नए तरह केे सियासी समीकरण बन सकते हैं। महेंद्र भट्ट के राज्यसभा जाने से उत्तराखंड भाजपा में एक बार फिर नए सिरे से नई जिम्मेदारियों को लेकर चर्चा शुरू हो गई है।

भाजपा ने उत्तराखंड से खाली हो रही एक मात्र राज्यसभा सीट के लिए प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट को उम्मीदवार बनाया है। जिसके बाद अब कई तरह की कयासबाजी चलने लगी है। अनिल बलूनी का कार्यकाल खत्म होने के कारण खाली हुई राज्यसभा सीट के लिए भाजपा ने प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट को चुना। हालांकि सियासी जानकार इसे हाईकमान की आने वाले चुनावों को लेकर बड़ी तैयारियों के रूप में देख रहे हैं।
साथ ही जिस तरह का भाजपा का इतिहास रहा है और एक व्यक्ति एक पद का सिद्धांत हैं। ऐसे में क्या महेंद्र भट्ट प्रदेश अध्यक्ष बने रहेंगे इसको लेकर भी नई बहस शुरू हो गई है। हालांकि कई जानकार ये मान कर चल रहे हैं कि लोकसभा चुनाव तक भाजपा ज्यादा उलटफेर नहीं करेगी। लेकिन अगर किसी सांसद का टिकट कटा तो उन्हें प्रदेश अध्यक्ष की कुर्सी भी सौंपने की चर्चा है।
ये बात अलग है कि ये सब कयासबाजी है। भाजपा में कब कहां किसको कौन सी जिम्मेदारी मिल जाए। ये कोई भी नहीं जानता है। महेंद्र भट्ट को राज्यसभा भेजने के बाद उत्तराखंड की सियासत में खासकर लोकसभा चुनाव में भी भाजपा बड़ा उलटफेर कर सकती है।
अभी तक राज्यसभा में सांसद रहे अनिल बलूनी को अब लोकसभा भेजने की भी चर्चा हो रही है। जबकि भाजपा खेमे में सांसद और पूर्व सीएम डाॅ रमेश पोखरियाल निशंक को भी बड़ी जिम्मेदारी मिलने की चर्चा है। हालांकि ये सब कयासबाजी हैं और इस पर हाईकमान कब और क्या फैसला लेता है। ये कह पानी मुश्किल होगा। इस बीच महेंद्र भट्ट का राज्यसभा जाना भी तय है। भाजपा के पास विधानसभा में बहुमत है, साथ ही वे निर्विरोध ही राज्यसभा जाएंगे, ये तय माना जा रहा है।












Click it and Unblock the Notifications