पुष्कर सिंह धामी का बड़ा फैसला, जवानों को मिलेगा 4200 ग्रेड पे
देहरादून, 11 सितंबर। उत्तराखंड की पुष्कर धामी सरकार ने बड़ा फैसला लिया है। उत्तराखंड पुलिस के जवानों के लिए धामी सरकार ने ऐतिहासिक फैसला लेते हुए 1750 नए एडिशनल एसआई के पद का सृजन किया है। अहम बात यह है कि इस पद पर भर्ती होने वाले जवानों को 4200 ग्रेड पे मिलेगा। प्रदेश सरकार के इस फैसले पर उत्तराखंड के डीजीपी अशोक कुमार ने खुशी जाहिर की है। उन्होंने कहा कि मैं सरकार का आभार व्यक्त करता हूं कि यह ऐतिहासिक फैसला लिया गया। वहीं पुष्कर सिंह धामी ने इस फैसले पर कहा कि इससे ज्यादा से ज्यादा पुलिस के जवानों को प्रमोशन का लाभ मिलेगा।

दरअसल उत्तराखंड पुलिस के जवान लंबे समय से 4200 ग्रेड पे की मांग कर रहे थे। यही वजह है कि धामी सरकार ने कॉन्स्टेबल रैंक के 1750 नए पदों के सृजन का फैसला लिया और एडिशनल एसआई रैंक का सृजन किया। जिसके चलते 1750 नए एडिशनल एसआई पदों पर जवानों की भर्ती की जाएगी और उन्हें 4200 का ग्रेड पे दिया जाएगा। सरकार की ओर से इस बाबत फैसला भी जारी कर दिया गया है।
गौर करने वाली बात है कि प्रदेश में पुलिस विभाग में कॉन्स्टेबल पद के 17500 पद हैं और हेड कॉन्स्टेबल के 3440 पद। इसमे एक भी एडिशनल एसआई का पद नहीं है। ऐसे में नई भर्ती से प्रमोशन का लाभ पुलिस के जवानों को होगा और उन्हें बढ़े हुए ग्रेड पे का भी लाभ मिलेगा। प्रदेश सरकार के इस फैसले को मास्टर स्ट्रोक के तौर पर देखा जा रहा है। सरकार के इस फैसले को ना सिर्फ संवेदनशील माना जा रहा है बल्कि उम्मीद जताई जा रही है इससे 1750 पदों पर एएसआई का प्रमोशन भी होगा और सरकार के काम में तेजी भी आएगी।












Click it and Unblock the Notifications