लोकसभा चुनाव से पहले कांग्रेस को बड़ा झटका, पूर्व सीएम के बेटे और राहुल गांधी के करीबी नेता ने छोड़ी पार्टी
पूर्व सीएम बीसी खंडूरी के बेटे और कांग्रेस के नेता मनीष खंडूरी ने कांग्रेस पार्टी से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने अपने सोशल मीडिया पर इसकी जानकारी दी। मनीष ने 2019 का लोकसभा चुनाव कांग्रेस के टिकट पर पौड़ी गढ़वाल सीट से लड़ा था।

लोकसभा चुनाव से पहले उत्तराखंड कांग्रेस को बड़ा झटका लगा है। मनीष खंडूडी ने कांग्रेस पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से त्यागपत्र दे दिया। सोशल मीडिया पर जारी पोस्ट में उन्होंने बताया कि मैं भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से तत्काल प्रभाव से त्यागपत्र दे रहा हूं। मेरा यह निर्णय बिना किसी व्यक्तिगत हित अथवा अपेक्षा से लिया गया है।
मनीष खंडूरी ने 2019 का लोकसभा चुनाव गढ़वाल सीट से लड़ा था। लेकिन वे बुरी तरह से हार गए थे। उनकी एंट्री कांग्रेस के नेता राहुल गांधी ने ही कराई थी। राहुल ने देहरादून में हुई कांग्रेस की रैली में मनीष को सबसे पहले मंच में अपने साथ खड़ा किया।
तब मनीष का कांग्रेस ज्वाइन करना भाजपा के लिए बड़ी चुनौती मानी गई। मनीष खंडूरी के पिता भाजपा के सीनियर नेता और पूर्व सीएम बीसी खंडूरी हैं। जिनके चेहरे पर भाजपा ने चुनाव भी लड़ा। बीसी खंडूरी की बेटी और मनीष की बहन ऋतु खंडूरी दो बार विधायक बनने के साथ ही वर्तमान में विधानसभा की अध्यक्ष हैं। ऐसे में अब मनीष खंडूरी की भाजपा में जाने की अटकलें तेज हो गई है। मनीष फेसबुक कंपनी में बड़े पद पर कार्यरत रहे साथ ही मीडिया इंडस्ट्री से भी काफी लंबे समय तक जुड़े रहे।












Click it and Unblock the Notifications