बागेश्वर उपचुनाव: अंतिम दौर में पहुंचा प्रचार प्रसार,अब भाजपा,कांग्रेस के स्टार प्रचारक बढ़ाऐंगे सियासी पारा
उत्तराखंड के बागेश्वर में 5 सितंबर को उपचुनाव होना है। अब आखिरी हफ्ते में भाजपा, कांग्रेस पूरी ताकत झौंकने जा रही है।
उत्तराखंड के बागेश्वर में 5 सितंबर को उपचुनाव होना है। अब आखिरी हफ्ते में भाजपा, कांग्रेस पूरी ताकत झौंकने जा रही है। भाजपा ने जहां प्रभारी मंत्री सौरभ बहुगुणा और संगठन ने बागेश्वर में मोर्चा संभाला हुआ है तो कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा समेत पूर्व विधायक और संगठन के लोग डेरा जमाए हुए है। ऐसे में अब प्रचार प्रसार के अंतिम दौर पर भाजपा की ओर से सीएम पुष्कर सिंह धामी, प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट बागेश्वर में पहुंचेंगे जबकि कांग्रेस से पूर्व सीएम हरीश रावत समेत कई सीनियर नेता बागेश्वर में कांग्रेस के प्रत्याशी के पक्ष में प्रचार करते नजर आएंगे।

बागेश्वर सीट भाजपा और कांग्रेस दोनों के लिए काफी चुनौतीपूर्ण होती जा रही है। भाजपा इस चुनाव को दिवंगत विधायक चंदन राम दास के किए गए विकास कार्यों और उनके सपनों को पूरा करने के लिए जनता से वोट मांग रही है तो कांग्रेस आप से आए बसंत कुमार की सोच और महंगाई, रोजगार जैसे मुद्दों को लेकर जनता के बीच पहुंच रही है। भाजपा को भरोसा है जनता दिवंगत विधायक चंदन राम दास की पत्नी पार्वती दास को जीताकर पूर्व विधायक को श्रद्धाजंलि देगी, तो वहीं कांग्रेस को जनता से बदलाव की उम्मीद है।
इस बीच भाजपा, कांग्रेस दोनों ने बागेश्वर को जीतने के लिए पूरा जोर लगा दिया है। इससे पहले नामांकन में भी दोनों पार्टियों ने पूरा दमखम दिखाया। भाजपा के प्रत्याशी पार्वती दास के नामांकन में सीएम पुष्कर सिंह धामी समेत सभी सीनियर नेता मौजूद रहे। चुनाव के अंतिम समय में सीएम धामी समेत स्टार प्रचारकों का बागेश्वर पहुंचने की उम्मीद जताई जा रही है। जिनमें भाजपा के 40 बड़े नेताओं के नाम शामिल हैं।
स्टार प्रचारकों की लिस्ट में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट के अलावा राज्य के सभी सांसद, कैबिनेट मंत्री, पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत, विजय बहुगुणा और तीरथ सिंह रावत का नाम भी शामिल किया गया है। इसके साथ ही कई युवा चेहरों को भी स्टार प्रचारक बनाया गया है। जो कि जल्द ही बागेश्वर में नजर आ सकते हैं। प्रदेश प्रभारी दुष्यंत गौतम और रेखा वर्मा भी बागेश्वर उपचुनाव के लिए स्टार प्रचारक बनाए गए हैं।
वहीं कांग्रेस की ओर से चुनाव लड़ रहे बसंत कुमार के साथ प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा और नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य समेत संगठन के कई सीनियर नेता मौजूद रहे। हालांकि अब तक पूर्व सीएम और कांग्रेस के बड़े चेहरे हरीश रावत के बागेश्वर उपचुनाव से दूरी बनाना कई सवालों को खड़ा कर चुका है। लेकिन इस बीच हरीश रावत ने मीडिया से बातचीत में ये दावा किया है कि वे आखिरी दिनों में बागेश्वर पहुंचकर चुनाव में प्रचार प्रसार करेंगे। कांग्रेस के कई सीनियर नेता प्रीतम सिंह, गणेश गोदियाल, हरक सिंह रावत दूसरे राज्यों में विधानसभा चुनाव के लिए रणनीति बनाने में जुटे हैं। कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी देवेंद्र यादव भी बागेश्वर में कांग्रेस प्रत्याशी के लिए प्रचार प्रसार कर सकते हैं।












Click it and Unblock the Notifications