Ankita Bhandari case वायरल वीडियो पर मचा बवाल, भाजपा का बड़ा बयान, सरकार बड़ी से बड़ी जांच के लिए तैयार
Ankita Bhandari case अंकिता भंडारी केस को लेकर मचे सियासी बवाल के बीच सियासत गरमा गई है। विपक्षी दल इस मुद्दे पर भाजपा को जमकर घेर रहे हैं। उधर भाजपा भी विपक्ष के सवालों के जबाव देने के लिए मोर्चा खोल चुकी है। संगठन, मंत्री और सांसद सब एक जुट होकर इस मामले में सरकार का पक्ष रख रहे है।
लगातार एक ही बात पर जोर दिया जा रहा है कि किसी भी व्यक्ति के पास कोई भी ठोस सबूत या सही जानकारी है तो वे अवश्य जांच एजेंसियों से संपर्क करें। सरकार बड़ी से बड़ी जांच के लिए तैयार हैं। हालांकि विपक्ष सीधे तौर पर सीबीआई जांच की मांग कर पीछे हटने को तैयार नहीं है। ऐसे में गतिरोध लगातार बढ़ रहा है।

पूरे प्रदेश में अंकिता केस में वीआईपी प्रकरण को लेकर कई संगठन सड़कों पर हैं। लगातार वीआईपी मामले में सीबीआई जांच की मांग की जा रही है। उधर भाजपा का कहना है कि जिसके पास भी ठोस सबूत हैं तो जांच एजेंसियों को दें, बड़ी से बड़ी जांच कराने को तैयार हैं। बीते शनिवार को इस मामले पर कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल ने पहली बार सरकार का पक्ष रखा, तो वहीं सोमवार पांच जनवरी को राज्यसभा सांसद और बीजेपी के वरिष्ठ नेता नरेश बंसल ने पार्टी व सरकार का पक्ष रखा। उन्होंने कहा कि बीजेपी किसी भी प्रकार की जांच से पीछे नहीं हटती है, तथ्य जैसे ही मिलेंगे उस पर भी जांच की जाएगी।
इस बीच सोशल मीडिया में कई तरह के वीडियो भी वायरल हो रहे हैं। जिसको लेकर संगठन की ओर से बयान सामने आया है। भाजपा ने सोशल मीडिया पर पार्टी पदाधिकारी के नाम से वायरल एक वीडियो को लेकर स्पष्ट किया कि इसमें नजर आ रही महिला पार्टी से संबंधित नही है। प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर सिंह चौहान ने कहा कि उक्त संदर्भित महिला, वर्तमान में न तो भाजपा की पदाधिकारी है और न ही सक्रिय सदस्य है। ऐसी किसी भी अश्लील एवं आपत्तिजनक बयानबाजी की पार्टी कड़े शब्दों में निंदा करती है।
जिस तरह भ्रम एवं अफवाह का माहौल प्रदेश में विपक्ष द्वारा बनाया जा रहा है, उसका लाभ उठाते हुए, इस तरह के अनधिकृत और अराजक वीडियो डालकर, उन्हें भाजपा से जोड़ने की साजिश की जा रही है। जबकि भाजपा का रुख इस मुद्दे पर पूरी तरह स्पष्ट है कि दुखद अंकिता प्रकरण को लेकर, किसी भी व्यक्ति के पास कोई भी ठोस सबूत या सही जानकारी है तो वे अवश्य जांच एजेंसियों से संपर्क करें। सरकार बड़ी से बड़ी जांच के लिए तैयार हैं। लिहाजा तब तक, किसी भी तरह की अफवाह और अपुष्ट सूचनाओं से सभी लोगों को बचना चाहिए।












Click it and Unblock the Notifications