आजादी की 75 वीं वर्षगांठ :धामी सरकार का हर‘घर तिरंगा अभियान’, कांग्रेस की ‘भारत जोड़ो यात्रा’ की रणनीति तैयार
आजादी की 75 वीं वर्षगांठ: धामी सरकार और विपक्ष भी तैयार
देहरादून, 19 जुलाई। आजादी की 75 वीं वर्षगांठ पर भारत सरकार कई आयोजन कर रही है। 15 अगस्त को खास बनाने के लिए 13 से 15 अगस्त के बीच हर घर तिरंगा अभियान चलाया जा रहा है। उत्तराखंड में 20 लाख घरों में तिरंगा फहराने का राज्य सरकार ने लक्ष्य रखा है। उधर कांग्रेस ने देशभर में 9 से 15 अगस्त तक 'भारत जोड़ो यात्रा' का आयोजन करने जा रही है। इसके तहत उत्तराखंड में प्रदेश के सभी जनपदों में 75 किलोमीटर लम्बी पदयात्रा निकाली जाएगी। जिसके लिए रणनीति तैयार की जा चुकी है।

13 से 15 अगस्त के बीच हर घर तिरंगा अभियान
13 से 15 अगस्त के बीच हर घर तिरंगा अभियान चलेगा। रविवार को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भी देश भर के मुख्यमंत्रियों के साथ अभियान की तैयारियों पर ऑनलाइन बैठक कर चुके हैं। ऑनलाइन समीक्षा बैठक के बाद सीएम पुष्कर सिंह धामी ने अधिकारियों को 'हर घर तिरंगा अभियान' की तैयारी पूरी गम्भीरता और सर्वोच्च प्राथमिकता से करने के निर्देश दिए। कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की पहल पर देश की आजादी की 75 वीं वर्षगांठ को अमृत महोत्सव के रूप में मनाया जा रहा है। इससे देशवासियों में उत्साह का संचार हुआ है। युवाओं में देश के प्रति कर्तव्य भावना मजबूत हुई है। सीएम ने कहा है कि अभियान में हमारे गैलेन्ट्री अवार्ड विजेताओं को शामिल किया जाए। प्रदेश में 20 लाख घरों में तिरंगा लोगों द्वारा स्वयं लगाया जाना है। इतने बड़े स्तर पर जन सहभागिता सुनिश्चित करने को व्यापक प्रचार प्रसार किया जाए। खास तौर पर सोशल मीडिया का उपयोग किया जाए।
9 से 15 अगस्त तक कांग्रेस की 'भारत जोड़ो यात्रा'
इधर विपक्ष देशभर में 9 अगस्त से 15 अगस्त तक 'भारत जोड़ो यात्रा' का आयोजन करने जा रही है। इसके तहत उत्तराखंड में प्रदेश के सभी जनपदों में 75 किलोमीटर लम्बी पदयात्रा निकाली जाएगी। यात्राओं का समापन 15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस के अवसर जिला मुख्यालयों और प्रदेश मुख्यालय में आयोजित भव्य समारोह के रूप में किया जायेगा। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की ओर से उदयपुर में आयोजित नव संकल्प घोषणा के तहत भारत की स्वतंत्रता की 75वीं वर्षगांठ के उपलक्ष में पूरे देशभर में 9 से 15 अगस्त 2022 तक 'भारत जोड़ो यात्रा' का आयोजन किया जाने का निर्णय लिया गया था। उत्तराखंड कांग्रेस प्रभारी देवेन्द्र यादव इस पूरे आयोजन की समीक्षा कर चुके हैं। प्रदेश प्रभारी देवेन्द्र यादव ने बताया कि भारत की स्वतंत्रता की 75वीं वर्षगांठ के शुभ अवसर पर 3600 किलोमीटर की 'भारत जोड़ो यात्रा' पार्टी के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी के नेतृत्व में कश्मीर से कन्याकुमारी तक आयोजित की जायेगी। उन्होंने कहा कि आज कुछ ताकतों द्वारा देश का सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने का प्रयास किया जा रहा है। कांग्रेस पार्टी इसी के विरुद्ध देश की स्वतंत्रता की 75वीं वर्षगांठ पर देश में सामाजिक सौहार्द बनाये रखने का देशभर में संदेश देगी। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी के नेतृत्व में देशभर के 12 राज्यों से होकर यात्रा गुजरेगी। यह यात्रा तथा जिन राज्यों को नहीं छू पायेगी, उन राज्यों के प्रत्येक जिलों में 75 किलोमीटर की 'भारत जोड़ो तिरंगा यात्रा' निकाली जायेगी।












Click it and Unblock the Notifications