सरकार के अंतिम सत्र में चुनावी रंग में दिखे योगी, जानिए उनके तीखे तेवर का विपक्ष ने कैसे दिया जवाब
लखनऊ, 16 दिसंबर: उत्तर प्रदेश विधानमंडल के शीतकालीन सत्र के दूसरे दिन योगी सरकार ने विधानसभा में चालू वित्तीय वर्ष के लिए 8479.53 करोड़ रुपए का दूसरा अनुपूरक बजट पेश किया। सरकार ने वित्तीय वर्ष 2022-23 के पहले चार महीनों (अप्रैल से जुलाई) के लिए 1,68,903.23 करोड़ रुपए का लेखानुदान भी विधानसभा में प्रस्तुत किया। बजट पर चर्चा करते हुए सीएम योगी आदित्यनाथ पूरी तरह से चुनावी रंग में दिखे। उन्होंने सदन के भीतर लगातार दो घंटे तक विपक्ष पर एक एक कर हमला बोलते रहे। बीच बीच में उनके कटाक्षों से विपक्ष के नेता कई बार असहज होते दिखाई दिए। इस दौरान योगी ने चुनावी साल में कुछ लोगों को बीजेपी में शामिल होने तक का ऑफर दे डाला लेकिन प्रतिपक्ष के नेता ने योगी के वार का जवाब उसी अंदाज में देकर योगी के हमले को असरदार बनाने का पूरा प्रयास किया।

जब योगी ने नेता प्रतिपक्ष को दिया बीजेपी में शामिल होने का ऑफर
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गुरुवार को सदन के भीतर जब बोल रहे थे तो वो पूरी तरह से अपने तेवर में दिखाई दिए। योगी ने अपने संबोधन के बीच में ही नेता प्रतिपक्ष और समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता रामगोविंद चौधरी को बीजेपी में शामिल होने आ ऑफर दे दिया। योगी ने कहा, '' आप एक अच्छे नेता है और स्वर्गीय चंद्रशेखर जी के साथ रहे हैं। लेकिन आप गलत जगह पर हैं। अब भी समय है आप उधर से इधर आ जाइए। हम आपको बीजेपी में लेने के लिए तैयार हैं। पहले के समाजवाद और अब के समाजवाद में काफी अंतर आ चुका है। अब समाजवाद की जगह अराजकतावाद, परिवारवाद, वंशवाद ने लिया है।'' योगी के इस ऑफर का रामगोविंद ने भी बड़े सधे हुए अंदाज में जवाब दिया। रामगोविंद ने कहा, '' हमने स्वर्गीय चंद्रशेखर जी, आचार्य नरेंद्र देव, राजनारायण, डॉ राम मनोहर लोहिया जैसे लोगों के साथ काम किया है। समाजवाद तब तक जिंदा रहेगा जब तक दबे कुचले,शोषित और वंचित लोगों और अमीरों के बीच खाई को नहीं मिटा देगा। जब तक जीवित रहूंगा सपा में ही रहूंगा और मुलायम और अखिलेश का साथ नहीं छोडूंगा।''

योगी ने एक बार फिर कहा- सपा यूपी के लिए रेड अलर्ट है
योगी ने पूरे भाषण के दौरान सपा को ही निशाने पर रखा। योगी ने सपा पर तंज कसते हुए कहा कि सपा के सरकार में क्या होता था सबको पता है। पूरे उत्तर प्रदेश में अराजकतावाद, माफियावाद, वंशवाद और आतंकवादी समाजवाद हावी था। सपा के सरकार में कोई भी भर्ती ऐसी नहीं हुई जो विवादों की भेंट न चढ़ी हो लेकिन हमारी सरकार में एक भी भर्ती पर कोई उंगली नहीं उठा सकता है। सपा सरकार में पुलिस भर्ती बोर्ड, अधीनस्थ चयन आयोग समेत जितने भी भर्ती के आयोग थे उसमें एक वर्ग विशेष का बोलबाला था। यूपीपीएससी के एक अधिकारी को तो हाईकोर्ट ने तलब कर लिया था। सपा के इसी रवैये से जनता परेशान थी इसीलिए सपा की सरकार यूपी में आ गई तो पूरे यूपी के लिए एक रेड अलर्ट की तरह होगा।

नेता प्रतिपक्ष ने सीएम को दिया सदन में कुश्ती लड़ने का चुनौती
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने संबोधन के दौरान कहा कि यूपी में खिलाड़ियों के लिए अभूतपूर्व कदम उठाए गए हैं। जिस तरह से ओलम्पिक के बाद लखनऊ में देशभर के खिलाड़ियों को बुलाकर सम्मानित किया गया वैसा यूपी के इतिहास में कभी नहीं हुआ। खिलाड़ियों के लिए सरकार ने मेरठ में स्पोर्टस विश्वविद्यालय बनाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। हर गांव में खेल का मैदान तैयार किया जा रहा है। हर ब्लॉक में स्टेडियम बनाए जा रहे हैं। ये बीजेपी की सरकार में ही संभव है। नेता प्रतिपक्ष की ओर इशारा करते हुए कहा कि आपकी सरकार ने लोगों के हाथों में कट्टा पकड़ाया हम खेल का विश्वविद्यालय बनवा रहे हैं। आपकी सरकार आतंकवादी तत्वों को पनाह देती थी हमारी सराकर उनपर प्रहार करती है। सपा के लोगों को इतना भी पता नहीं होगा कि वॉलीबाल कैसे खेला जाता है, फुटबाल क्या होता है, बैट बॉल क्या होता है। नेता प्रतिपक्ष तो कुश्ती भी लड़ते थे। लेकिन योगी की इस टिप्पणी का जवाब रामगोविंद ने देते हुए कहा कि सीएम साहब सही कह रहे हैं। हम भी कुश्ती लड़ते थे और आप भी कुश्ती ही लड़ते थे। दोनों लोग पहलवानी करते थे। आइए यहीं दो दो हाथ हो जाए देखते हैं कौन जीतता है।

योगी बोले- माफियाओं के सहारे यूपी जीतने का ख्वाब पूरा नहीं होगा
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सपा पर तंज कसते हुए कहा कि यूपी में माफियाओं और अपराधियों के उपर बुलडोजर चलता है तो कुछ लोगों को कष्ट होता है। अगर सपा इस मुगालते में है कि माफियाओं और अपराधियों को शामिल कर वह यूपी में सत्ता हासिल कर सकती है तो उसका ख्वाब कभी पूरा नहीं होगा। अपराधियों की जगह हमेशा जेल में ही होगी। दरअसल समाजवादी पार्टी ने पिछले दिनों पूर्वांचल के निर्दलीय विधायक मुख्तार अंसारी के भाई सिबगतुल्लाह अंसारी को सपा में ज्वाइन कराया था। उसके कुछ दिन बाद सिबगतुल्लह ने बयान दिया था जिसमें उन्होंने कहा था कि मुख्तार अंसारी सपा से ही चुनाव लड़ेंगे। इसके बाद अखिलेश यादव ने पूर्वांचल के बाहुबली नेता और गोरखपुर में योगी आदित्यनाथ के धुरविरोधी रहे हरिशंकर तिवारी के परिवार को लखनऊ में सपा में शामिल कराया था। सपा में शामिल होने वालों में हरिशंकर तिवारी के बेटे और चिल्लूपार विधानसभा से विधायक विनय शंकर तिवारी, पूर्व सांसद कुशल तिवारी और गणेश शंकर पांडेय मौजूद थे।

योगी ने गिनाईं पांच साल की उपलब्धियां
योगी ने कहा कि यूपी के परसेप्शन को लेकर जो भी कदम उठाए गए हैं वह रोचक रहा है। स्वाभाविक रूप से पांच वर्ष के दौरान काम किया गया वो काफी रोचक रहा। हमने दीन दयाल के आदर्शों पर चलकर आगे बढ़ने का काम क्या। बहुत चीजें हमारे सामने आईं। हमने अपने पराए का भेदभाव नहीं किया। योगी ने कहा कि आदमी न बड़ा होता है, न छोटा होता है। सरकार के 20 महीने का समय कोरोना ने ले लिया। दुनिया की ताकतें पस्त हो गईं। दुनिया में पहली बार इस तरह की महामारी आई थी। लेकिन पीएम के मार्गदर्शन में हमने महामारी से लड़ने का काम किया। उत्तर प्रदेश में 9 करोड़ से ज्यादा टेस्ट हो गए हैं। शुरुवात में हमारे पास कोई व्यवस्था नहीं थी। योगी ने कहा कि साल भर पहले हमारे पास कोई व्यवस्था नहीं थी लेकिन अब प्रतिदिन 4 लाख टेस्ट हो रहे हैं। 75 जिलो में आईसीयू की व्यवस्था की गई थी। 18 करोड़ वैक्सनेशन का काम हो चुका है। लोग जनता को गुमराह करने का काम कर रहे हैं लेकिन सरकार ने 15 करोड़ लोगों को फ्री में राशन देने का काम कर रहे हैं। सब कुछ फ्री में सरकार दे रही है।












Click it and Unblock the Notifications