UP में अब रोजगार की होगी भरमार! योगी सरकार ने शुरू किया ‘कौशल दिशा’ पोर्टल, कैसे मिलेगा लाभ?
Kaushal Disha Portal: उत्तर प्रदेश के युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए योगी सरकार ने एक बड़ा डिजिटल कदम उठाया है। सरकार ने 'कौशल दिशा' पोर्टल की शुरुआत की है। इस पोर्टल का सबसे बड़ा फायदा उन ग्रामीण युवाओं और आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग को मिलेगा, जो पैसों की कमी या दूर होने की वजह से ट्रेनिंग सेंटर नहीं जा पाते थे।
अब वे अपने मोबाइल के जरिए घर बैठे ही नई तकनीक सीख सकेंगे और रोजगार से जुड़ सकेंगे। व्यावसायिक शिक्षा और कौशल विकास मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने बताया कि यह पोर्टल पूरी तरह हाई-टेक है। इसका लाभ उठाना बहुत सरल है।

कैसे मिलेगा लाभ?
- आसान रजिस्ट्रेशन: युवा पोर्टल पर जाकर आसानी से अपना रजिस्ट्रेशन कर सकते हैं।
- सेल्फ लर्निंग: यहां वीडियो और डिजिटल माध्यम से आप खुद अपनी पसंद का हुनर सीख सकते हैं।
- ऑनलाइन परीक्षा: कोर्स पूरा होने के बाद आपकी ऑनलाइन परीक्षा (असेसमेंट) होगी।
- डिजिटल सर्टिफिकेट: परीक्षा पास करने वाले युवाओं को सरकार की ओर से डिजिटल प्रमाण पत्र दिया जाएगा, जो नौकरी पाने में मदद करेगा।
इन 10 खास क्षेत्रों में मिलेगी फ्री ट्रेनिंग
इस पोर्टल पर उन कोर्स को शामिल किया गया है जिनमें नौकरी मिलने की सबसे ज्यादा संभावना है। प्रमुख सेक्टर ये हैं:
- आईटी और इलेक्ट्रॉनिक्स: कंप्यूटर और गैजेट्स की जानकारी।
- हेल्थकेयर और रिटेल: स्वास्थ्य सेवा और दुकानों के मैनेजमेंट का काम।
- टूरिज्म और हॉस्पिटैलिटी: पर्यटन और होटल मैनेजमेंट।
- लॉजिस्टिक्स और होम फर्निशिंग: सामान की डिलीवरी और घर की सजावट।
- कपड़ा उद्योग: रेडीमेड गारमेंट्स और सिलाई से जुड़े कोर्स।
बेटियों और महिलाओं के लिए वरदान
योगी सरकार की यह पहल महिलाओं के लिए क्रांतिकारी साबित होगी। अक्सर पारिवारिक या सामाजिक कारणों से गांव की बेटियां घर से बाहर ट्रेनिंग लेने नहीं जा पाती थीं। अब वे अपने स्मार्टफोन की मदद से घर बैठे ही हुनरमंद बन सकेंगी। यह पोर्टल महिलाओं को आर्थिक रूप से आजाद बनाने और उन्हें 'वर्क फ्रॉम होम' के काबिल बनाने में बड़ी भूमिका निभाएगा।












Click it and Unblock the Notifications