यूपी में किसानों को लेकर योगी कैबिनेट के फैसले पर राहुल गांधी का बड़ा बयान, क्या कहा पढ़िए...
कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने कहा कि उत्तर प्रदेश की योगी सरकार ने जिस तरह से किसानों के लिए अहम फैसला लिया, ये किसानों को थोड़ी राहत जरूर देगा।
नई दिल्ली। उत्तर प्रदेश में योगी सरकार के गठन के करीब 16 दिन बाद पहली कैबिनेट की बैठक हुई। इस बैठक में किसानों के कर्ज माफी को लेकर बड़ा फैसला लिया गया। पहली कैबिनेट बैठक में किसानों को बड़ी सौगात देते हुए 36 हजार 359 करोड़ का कर्ज माफ किया गया है। योगी कैबिनेट की पहली बैठक में किसानों को लेकर लिए गए फैसले की कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने सराहना की है। उन्होंने कहा कि सरकार का ये कदम सही दिशा में उठाया गया कदम है।
राहुल गांधी ने ट्वीट के जरिए की टिप्पणी
कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने कहा कि उत्तर प्रदेश की योगी सरकार ने जिस तरह से किसानों के लिए अहम फैसला लिया, ये किसानों को थोड़ी राहत जरूर देगा। कांग्रेस उपाध्यक्ष ने योगी कैबिनेट के फैसलों को लेकर कई ट्वीट किए और कांग्रेस पार्टी का पक्ष रखा।

राहुल गांधी ने की योगी सरकार के कदम की सराहना
राहुल गांधी ने कहा कि उत्तर प्रदेश के किसानों को योगी आदित्यनाथ सरकार के उठाए गए कदम से थोड़ी राहत जरूर मिलेगी। हालांकि सरकार का ये कदम सही दिशा में है। कांग्रेस पार्टी हमेशा किसानों के भले के लिए उठाए गए कदम के समर्थन में है। कर्ज माफी के इस कदम से किसानों की परेशानी कुछ कम जरूर होगी।

राहुल बोले, दूसरे राज्यों के किसानों से नहीं हो भेदभाव
राहुल गांधी ने कहा कि हमें किसानों के मुद्दे पर सियासत नहीं करनी चाहिए। मुझे खुशी है कि बीजेपी ने इस मुद्दे को उठाया। हालांकि उन्होंने ट्वीट के जरिए आगे कहा कि देश के दूसरे राज्यों के किसान भी इससे प्रभावित हैं। उनके साथ कोई भेदभाव नहीं होना चाहिए। केंद्र की मोदी सरकार को इस मुद्दे पर राष्ट्रीय स्तर पर कदम उठाना चाहिए।

योगी कैबिनेट ने किसानों की कर्ज माफी पर लिया फैसला
बता दें कि योगी सरकार ने यूपी में किसानों कर्ज माफी का ऐलान किया है। योगी सरकार के इस कर्ज माफी का फायदा लघु और सीमांत किसानों को मिलेगा। इसमें यूपी के किसानों का एक लाख तक का कर्ज माफ किया जाएगा।

किसानों के एक लाख रुपये तक के कर्ज माफी का ऐलान
योगी सरकार के इस फैसले से यूपी के कुल 2 करोड़ 15 लाख लघु और सीमांत किसानों को फायदा मिलेगा। गेहूं, धान, कीटनाशक और खाद पर जिस भी किसान ने जिस भी बैंक से कर्ज लिया है, सभी को इस कर्ज माफी का फायदा मिलेगा।












Click it and Unblock the Notifications