UP: 'महिलाओं के लिए क्रांतिकारी साबित होगा महिला आरक्षण बिल', यहां देखिए स्वाति सिंह का Exclusive Interview
Ex UP Minister Swati Singh: उत्तर प्रदेश (Uttar Pradesh) की पूर्व मंत्री और बीजेपी (Bhartiya Janta Party) की महिला नेत्री स्वाति सिंह ( BJP Women Lreader Swati Singh) लोकसभा में पास हुए महिला आरक्षण बिल (Women Reservation Bill) को लेकर काफी उत्साहित हैं। उनका कहना है कि पीएम मोदी (PM Narendra Modi) का यह कदम देश की महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने और उनकी आत्मविश्वास को बढ़ाने वाला एक क्रांतिकारी कदम साबित होगा।

लखनऊ में गुरुवार को वनइंडिया हिन्दी से स्वाति सिंह ने खास बातचीत की। स्वाती सिंह ने सभी सवालों को बड़ी ही बेबाकी से जवाब दिए और वह आत्मविश्वास से पूरी तरह लवरेज नजर आईं। प्रस्तुत है स्वाति सिंह से एक्सक्लूसिव बातचीत के प्रमुख अंश।
प्रश्न- महिला आरक्षण बिल को लेकर आप क्या सोचती हैं ?
Recommended Video
उत्तर- सही तो यह है कि भाजपा को छोड़कर किसी पार्टी ने महिला हित के बारे में सोचा ही नहीं। वहीं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सबसे ज्यादा प्राथमिकता में रहा महिला उत्थान। उन्होंने महिलाओं को धुएं से मुक्ति दिलाने के लिए उज्ज्वला योजना शुरू की। आज महिलाओं में रोगग्रस्त होने के प्रतिशत में काफी गिरावट आयी है। आवास योजना में महिलाओं के नाम पर विशेष ध्यान दिया जाता है। बच्चियां पिता के ऊपर बोझ न बनें, इसके लिए उन्होंने सुकन्या योजना शुरू की, जो आज सबसे बड़ा सहारा बन रहा है।
प्रश्न- पार्टी महिला हित के बारे में इतना सोचती है फिर भी पार्टी ने आपको टिकट नहीं दिया?
उत्तर- सिर्फ स्वाती सिंह का टिकट कटने से महिला उत्थान में बांधा के रूप में नहीं देखा जा सकता। यहां 65 करोड़ के लगभग महिलाएं हैं। मैं तो भाजपा की एक सक्रिय कार्यकर्ता हूं और आजीवन रहुंगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, अमित शाह और योगी आदित्यनाथ का हमेशा से हमको प्यार मिला है। पार्टी ने कुछ सोचा होगा, जिसके कारण हमें टिकट नहीं मिला।
प्रश्न- क्या ये माना जाए कि महिला आरक्षण आने के बाद आप का कारवां अब विधानसभा से लोकसभा की तरफ बढ़ेगा?
उत्तर- ये सवाल आपको टिकट देने वालों से करना चाहिए। मैं कार्यकर्ता थी और हमेशा रहूंगी। पार्टी ने पहले भी जो काम दिया है उसको निभाया है और आगे भी जो जिम्मेदारी मिलेगी उसे निष्ठा और लगन से निभाने का काम करूंगी।
प्रश्न- बसपा की मुखिया मायावती 50 प्रतिशत सीटो की वकालत कर रही हैं ?
उत्तर - मैं बसपा से पूछना चाहती हूं। उन्होंने महिला रहते हुए, प्रदेश की कितनी महिलाओं को आगे बढ़ाया। बसपा में वे खुद के अलावा किसी एक महिला का नाम बता सकती हैं, जो प्रदेश स्तर पर छवि रखता हो। हकीकत तो यह है कि 33 प्रतिशत का आरक्षण लागू होने के बाद भी बसपा को टार्च लेकर टिकट देने के लिए पार्टी में महिला नेताओं की तलाश करनी होगी। कभी टिकट बेचने के रूप में लोकमानस में चर्चित बसपा को महिला उम्मीदवार खरीदने पड़ेंगे। इसका कारण है पारिवारिक और व्यक्तिगत पार्टियों की कोई विचारधारा तो है नहीं। सिर्फ इनको जीताऊ कंडिडेट चाहिए। ऐसे में इन पार्टियों ने सिर्फ दबंगों को टिकट देने का काम किया।
प्रश्न- अखिलेश यादव आरक्षण में PDA को प्रतिनिधित्व देने की बात कर रहे हैं। इसको लेकर क्या कहेंगी।
उत्तर- हकीकत यह है कि समाजवादी पार्टी ही इसके विरोध में सबसे पहले खड़ी होने वाली पार्टियों में रही है। यही पार्टी सदन में बिल को फाड़ दी थी। आज तो ये बहती गंगा में हाथ धोने के फिराक में हैं,लेकिन महिलाएं सब जानती हैं। आने वाले चुनाव में सपा शून्य पर चली जाएगी।
प्रश्न- आने वाले चुनाव में भाजपा को इसका फायदा होगा ?
उत्तर- भाजपा हर कार्य जनहित को देखकर करती है। हमारे लिए राष्ट्र प्रमुख है, वोट नहीं। यदि वोट की राजनीति करनी होती तो तीन तलाक में बिल नहीं पेश किया जाता। जैसा कि दूसरी पार्टियां डर के मारे यह जानते हुए भी कि तीन तलाक के माध्यम से मुस्लिम महिलाओं पर अत्याचार हो रहा है। वे बिल पेश नहीं कर पायीं और नरेंद्र मोदी ने मुस्लिम महिलाओं को न्याय दिला दिया। अनुच्छेद 370 हटाने में एक बार भी हिचक नहीं की और आज जम्मू-कश्मीर में अमन चैन है। वहां पर्यटकों की संख्या दूसरे राज्यों की अपेक्षा सबसे ज्यादा बढ़ी है।












Click it and Unblock the Notifications