महिलाओं की सुरक्षा के लिए चल रही स्कीम की योजना अवधि बढ़ी, सीएम योगी ने पीएम मोदी को कहा शुक्रिया
उत्तर प्रदेश में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अगुवाई में महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। प्रदेश में कई तरह की योजनाएं चलाई जा रही हैं, जिसका सीधे तौर पर महिलाओं को लाभ मिल रहा है। प्रदेश में पीएम स्वनिधि योजना, स्वयं सहायता समूह एवं मातृ वंदना योजना के जरिए महिलाओं को लाभ दिया जा रहा है।
प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के अंतर्गत दो लाख से अधिक महिलाएं लाभान्वित हुई हैं। वहीं स्वयं सहायता समूह से तकरीबन एक करोड़ महिलाओं को रोजगार प्राप्त हुए हैं। वहीं प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना से 54.44 लाख महिलाएं लाभान्वित हुई हैं।

इसके साथ ही महिलाओं की सुरक्षा के लिए चल रही अंब्रैला योजना की अवधि को भी दो साल के लिए बढ़ा दिया गया है। केंद्रीय कैबिनेट के इस फैसले की मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने तारीफ की है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा केंद्रीय मंत्रिमंडल ने 2021-22 से 2025-26 तक 'महिलाओं की सुरक्षा' के लिए 'अम्ब्रेला योजना' को जारी रखने के लिए 1179.72 करोड़ रुपये आवंटित किए हैं। हमारी 'मातृशक्ति' की सुरक्षा और गरिमा सुनिश्चित करने के लिए पीएम मोदी को हार्दिक धन्यवाद।
बता दें कि प्रधानमंत्री मोदी की अध्यक्षता में केंद्रीय कैबिनेट ने 'महिलाओं की सुरक्षा' के लिए 'अम्ब्रेला स्कीम' को 2021-22 से 2025-26 तक जारी रखने के गृह मंत्रालय के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। इस फैसले के तहत 1179.72 करोड़ रुपये के बजट का भी आवंटन किया गया है। गृह मंत्रालय अपने बजट से 885.49 करोड़ रुपये का योगदान देगा, जबकि 294.23 करोड़ रुपये निर्भया फंड से वित्त पोषित किया जाएगा।












Click it and Unblock the Notifications