यूपी: मामूली कहासुनी में पति ने पत्नी सहित की दो मासूम बच्चों की हत्या
बुलंदशहर। उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर में पति ने पत्नी और दो मासूम बेटों की धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या कर दी। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपित मौका-ए-वारदात से फरार हो गया। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस और फॉरेंनिसक विभाग की टीम ने घटना स्थल से साक्ष्यों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। ट्रिपल मर्डर की घटना से इलाके में सनसनी फैल गई।

मामला बुलंदशहर सिटी कोतवाली क्षेत्र के गिरधारी नगर का है। टांडा गांव निवासी रामकुमार अपने परिवार के साथ गिरधारी नगर में पदमसिंह के मकान में किराए पर रहता है। यहां वह कांजी के बडे बेचता है। पुलिस के अनुसार गुरुवार सुबह करीब 11 बजे घर पर रामकुमार की पत्नी रूबी (24) से किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई।
दोनों में विवाद इतना बढ़ गया कि रामकुमार ने अपने भाई रामरतन के साथ मिलकर पहले पत्नी रूबी की धारधार हथियार से गला रेतकर हत्या कर दी। इसके बाद रामकुमार ने बेटे यतिन (3) और केशव (6) की गला रेतकर हत्या कर दी। चीख पुकार सुनकर लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी।
पुलिस के आने से पहले ही आरोपित बाइक से फरार हो गए। एसएसपी केबी सिंह समेत तमाम आला अधिकारी फोरेसिंक टीम के साथ मौके पर पहुंच गए। एसएसपी का कहना है कि आपसी विवाद में हत्या का मामला सामने आ रहा है। दो लोगों को चिन्हित किया गया है, दोनों की तलाश की जा रही है।












Click it and Unblock the Notifications