कौन हैं अमित शाह के PA अंकुर शर्मा, जिन्हें BJP ने दी UP में बड़ी कमान, योगी के लिए करेंगे 2027 की तैयारी!
Ankur Sharma UP BJP State Secretary: उत्तर प्रदेश में 2027 विधानसभा चुनाव की तैयारियों के बीच भारतीय जनता पार्टी ने अपने संगठन में बड़ा बदलाव किया है। भाजपा के संगठन विस्तार अभियान के तहत युवा नेता अंकुर शर्मा को प्रदेश कार्यकारिणी में प्रदेश मंत्री की जिम्मेदारी सौंपी गई है। उन्हें केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के करीबी सहयोगियों में गिना जाता है।
उनकी नियुक्ति ऐसे समय में हुई है जब भाजपा चुनावी तैयारियों को मजबूत करने के लिए संगठन में नए चेहरों को आगे बढ़ाने पर जोर दे रही है। नई जिम्मेदारी मिलने के बाद पश्चिमी उत्तर प्रदेश समेत पूरे प्रदेश में भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच चर्चा तेज हो गई है। खासकर उनके पैतृक जिले बुलंदशहर में कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने खुशी जताते हुए इस फैसले का स्वागत किया।

कौन हैं अंकुर शर्मा?
अंकुर शर्मा मूल रूप से बुलंदशहर जिले के जहांगीराबाद थाना क्षेत्र स्थित पूठा गांव के निवासी हैं। वे लंबे समय से भाजपा संगठन से जुड़े हुए हैं और पार्टी के भीतर एक सक्रिय कार्यकर्ता के रूप में पहचान रखते हैं। उन्हें केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के करीबी सहयोगियों में भी माना जाता है। उनके सोशल मीडिया पर उपलब्ध जानकारी के अनुसार वो पेशे से इंजीनियर हैं। उनकी राजनीतिक पृष्ठभूमि भी काफी मजबूत रही है। परिवार का भाजपा और जनसंघ से पुराना जुड़ाव रहा है। उनके दादा भगवती प्रसाद शर्मा जनसंघ के दौर से संगठन में सक्रिय रहे थे। संगठनात्मक कामकाज में उनकी भूमिका और नेतृत्व क्षमता को देखते हुए पार्टी ने उन्हें प्रदेश स्तर की जिम्मेदारी सौंपी है।
बुलंदशहर में जश्न का माहौल
प्रदेश मंत्री बनाए जाने की घोषणा के बाद बुलंदशहर में भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच उत्साह देखने को मिला। पूठा गांव सहित कई जगहों पर समर्थकों ने मिठाइयां बांटीं और आतिशबाजी कर खुशी जाहिर की। स्थानीय कार्यकर्ताओं ने इसे जिले के लिए सम्मान की बात बताया। सोशल मीडिया पर भी भाजपा कार्यकर्ताओं ने उन्हें बधाई दी और नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं।
नई टीम में मिला अहम पद
प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी द्वारा घोषित नई कार्यकारिणी में अंकुर शर्मा को सीधे प्रदेश मंत्री बनाया गया है। भाजपा ने इस बार संगठन में कई नए चेहरों को मौका दिया है। वहीं कुछ पुराने नेताओं को टीम से बाहर रखा गया है। पिछली कार्यकारिणी में शामिल प्रदेश प्रवक्ता चंद्रमोहन और प्रदेश मंत्री अमित बाल्मीकि को इस बार जगह नहीं मिली है। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि यह बदलाव आगामी चुनावों को ध्यान में रखकर किया गया है।
भाजपा ने किया बड़ा संगठनात्मक फेरबदल
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के नेतृत्व में घोषित नई यूपी टीम में 19 उपाध्यक्ष, 8 महामंत्री और 19 प्रदेश मंत्रियों की नियुक्ति की गई है। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के बेटे नीरज सिंह को प्रदेश उपाध्यक्ष बनाया गया है, जबकि टीवी पत्रकार यतेंद्र सिंह को प्रदेश मंत्री की जिम्मेदारी दी गई है। इसके अलावा प्रदेश के सभी छह क्षेत्रों के क्षेत्रीय अध्यक्षों को भी बदल दिया गया है। इसे नितिन नवीन के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश भाजपा का पहला बड़ा संगठनात्मक पुनर्गठन माना जा रहा है।
कार्यकर्ताओं का बढ़ा मनोबल
भाजपा जिलाध्यक्ष विकास चौहान ने कहा कि अंकुर शर्मा की नियुक्ति से जिले के जमीनी स्तर के कार्यकर्ताओं का मनोबल बढ़ेगा। उन्होंने उन्हें मेहनती, कर्मठ और संगठन के प्रति समर्पित नेता बताया। उनके अनुसार अंकुर शर्मा के नेतृत्व और अनुभव का लाभ संगठन को मिलेगा। इससे बुलंदशहर में भाजपा को और मजबूती मिलने की उम्मीद है।
2027 चुनाव की तैयारियों से जोड़कर देखी जा रही नियुक्ति
उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में अभी समय है, लेकिन भाजपा ने संगठनात्मक स्तर पर तैयारियां तेज कर दी हैं। ऐसे में अंकुर शर्मा जैसे नेताओं को महत्वपूर्ण जिम्मेदारी देना पार्टी की लंबी रणनीति का हिस्सा माना जा रहा है। राजनीतिक विश्लेषकों का कहना है कि संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने और कार्यकर्ताओं से बेहतर संवाद स्थापित करने के लिए ऐसे फैसले अहम भूमिका निभा सकते हैं।
ये भी पढ़ें: UP BJP की नई टीम में कितने ब्राह्मण, ठाकुर, OBC और दलित? योगी का जाति समीकरण देख, विपक्ष की बढ़ेगी टेंशन!












Click it and Unblock the Notifications