उत्तर प्रदेश में जानलेवा हुई ठंड, रैनबसेरों की कमी के चलते 24 घंटे में 70 की मौत
लखनऊ। उत्तर प्रदेश में भारी ठंड की वजह से बीते 24 घंटे में 70 से ज्यादा लोगों की मौत की खबर है। उत्तर प्रदेश के लगभग सभी हिस्सों में कड़ाके की ठंड पड़ रही है, इससे शुक्रवार से शनिवार तक 70 लोगों की मौत की खबर है। रैनबसेरों की कमी से चलते लोगों की मौते हुई हैं। मरने वालों में ज्यादातर शेल्टर ना होने के चलते बेघर लोग हैं। ठंड से मौतौं पर सूबे के आला अधिकारियों ने चुप्पी साध रखी है। किसी भी अधिकारी ने मौतों को लेकर कमेंट नहीं किया है।

पूर्वांचल में 22, बुंदेलखंड में 28 की मौत
बीते 24 घंटों में ठंड की वजह से पूर्वांचल में 22 लोगों की मौत हुई है। बरेली डिविजन में तीन, इलाहाबाद डिविजन में 11 और बुंदेलखंड में 28 लोगों की जान सर्दी के चलते बीते 24 घंटे में गई है। बाराबांकी से 40 साल के राम किशोर रावत और 30 साल के महेश की मौत ठंड के चलते हो गई। फैजाबाद जिले के हरचंदपुर में एक, अंबेडकर नगर में एक, रायबरेली और ऊंचाहार से भी एक-एक मौत की खबर है। लखनऊ की महापौर संयुक्ता भाटिया ने सर्दी से मौतों पर नगर आयुक्त से रिपोर्ट मांगी है। लखनऊ में तापमान 3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। बीते 24 घंटों में सुल्तानपुर जिला सबसे ठंडा रहा, जहां तापमान 2.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी
पहाड़ों इलाकों में जमकर बर्फबारी हो रही है। कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में कई स्थानों पर बर्फबारी की खबरें हैं। कश्मीर घाटी में कल से बर्फबारी और बारिश हो रही है। कुपवाड़ा में हिमस्खलन की भी खबरे हैं।कश्मीर के गुलगर्म में शुक्रवार शाम तक 8 इंच, पहलगाम में 6 इंच और सोनमर्ग में 10 इंच बर्फ जमा हो गई थी।

यातायात पर कोहरे का असर
उत्तर प्रदेश के साथ-साथ बिहार और दिल्ली-एनसीआर में भी ठंड का कहर जारी है। घने कोहरे ने लोगों के जीवन को अस्त-व्यस्त कर दिया है। दिल्ली में शनिवार सुबह पारा 6 डिग्री दर्ज किया गया। यातायात पर भी कोहरे का सीधा असर पड़ा है। दिल्ली से चलने वाली 85 ट्रेनें देरी से चल रही हैं। 30 ट्रेनों का समय बदला गया है और 36 ट्रेनें रद्द की गई हैं। विजिबिलिटी घटने के चलते दिल्ली से उड़ान भरने वाली 20 से ज्यादा घरेलू उड़ानों का समय बदला गया है।












Click it and Unblock the Notifications