यूपी में कोरोना संक्रमण के 214 नए मामले, प्रदेश लौटे लोगों को रोजगार देने के लिए सरकार बना रही वेबसाइट
लखनऊ। उत्तर प्रदेश में कोरोना वायरस संक्रमण की जांच में शनिवार को 214 नए मरीज सामने आए हैं। संक्रमण से लड़ रहे प्रदेश में अन्य राज्यों से प्रवासियों के लौटने का सिलसिला जारी है। सरकार ने कहा है कि अब तक 21 लाख श्रमिक बसों व ट्रेनों से आ चुके हैं। उनको रोजगार देने के लिए सरकार एक वेबसाइट तैयार कर रही है।

कोरोना वायरस संक्रमण के बारे में ताजा अपडेट देते हुए प्रमुख स्वास्थ्य सचिव अमित मोहन प्रसाद ने बताया है कि उत्तर प्रदेश में 24 घंटे में 214 नए मामलों का पता चला है। फिलहाल 2332 मरीज ऐसे हैं जिनमें यह वायरस एक्टिव है। 3335 लोग इस बीमारी से छुटकारा पा चुके हैं। अब तक प्रदेश में 152 लोगों की मौत हो चुकी है।

प्रदेश में लौटे 21 लाख लोग
उत्तर प्रदेश के अपर मुख्य सचिव गृह अवनीश अवस्थी ने बताया कि राज्य में सोशल डिस्टेंसिंग का पालन नहीं करने व मास्क नहीं लगाने पर अब तक 5,298 लोगों पर जुर्माना लगाया गया है। इनमें से लखनऊ में 1461 लोगों के खिलाफ चालान काटा गया। उन्होंने बताया कि अन्य राज्यों से अब तक 1,018 श्रमिक स्पेशल ट्रेनों से 13 लाख से ज्यादा लोग लौट चुके हैं। सभी ट्रेनों व बसों को मिलाकर 21 लाख श्रमिक और कामगार अन्य राज्यों से लौट चुके हैं। प्रदेश में अभी 863 हॉटस्पॉट हैं और करीब 43 लाख लोग फिलहाल इन क्षेत्रों में रह रहे हैं।
वेबसाइट के जरिए जॉब
अपर मुख्य सचिव गृह ने बताया कि प्रदेश में लौटे लोगों को उनके स्किल के आधार पर रोजगार देने के लिए एक वेबसाइट तैयार की जा रही है। क्वारंटाइन सेंटर में रह रहे लोग जो रोजगार चाहते हैं, वे वेबसाइट पर जाकर जॉब कार्ड भर सकेंगे। उस आधार पर प्रदेश में किसी इंडस्ट्री में जहां काम होगा, उनको कौशल के आधार पर दिया जाएगा।
गौतम बुद्ध नगर में 17 नए मामले
गौतम बुद्ध नगर जिला के सर्विलांस अफसर के मुताबिक, शनिवार को जनपद में कोरोना वायरस संक्रमण के 17 नए मामले सामने आए हैं। जिले में कुल संक्रमितों की संख्या 323 हो गई है।












Click it and Unblock the Notifications