यूपी उपचुनाव 2018: सीएम योगी के गढ़ में वोट बहिष्कार का ऐलान, चप्पे-चप्पे में लगे पोस्टर
गोरखपुर। उत्तर प्रदेश की गोरखपुर और इलाहाबाद की फूलपुर लोकसभा सीट में 11 मार्च को उपचुनाव होने वाले हैं। सीएम योगी आदित्यनाथ गोरखपुर के विकास की बात करते हुए वोट देने की अपील कर रहे हैं। वहीं सदर सीट में आने वाली पांच विधानसभाओं में से कई जगह ग्रामीणों ने वोट वहिष्कार का पोस्टर लगा दिया है। पिपरौली ब्लॉक में न्यायपंचायत ग्राम सभा नगवां के निवासियों ने टूटी सड़कें, जलभराव से लेकर अन्य मुद्दों पर जगह-जगह पोस्टर चिपकाकर उपचुनाव के बहिष्कार का ऐलान किया है।

ग्रामीणों का कहना है कि मुख्यमंत्री के कर्मभूमि का सालों से बुरा हाल है। वहीं इससे पहले मोहनापुर, पादरीबाजार, निषाद टोला समेत कई ग्रामीण क्षेत्रों में भी मूल सुविधाएं न मिलने के बाद बहिष्कार का ऐलान किया था। स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़कों की हालात इतनी बदतर है कि बारिश के मौसम में कीचड़ होने से लोगों को चप्पल-जूते उतारकर गांव तक आना-जाना पड़ता है। लोगों का कहना है कि कई बार इस बारे में शासन-प्रशासन से शिकायत की गई लेकिन इस ओर ध्यान नहीं दिया गया। लोगों का कहना है कि जब तक गांव की सड़कें और नालियां सुधर नहीं जातीं, चुनाव का बहिष्कार किया जाएगा।

कल होना है मतदान
उत्तर प्रदेश की दो लोकसभा सीटों और बिहार की एक लोकसभा और दो विधानसभा सीटों के लिए कल (रविवार) जनता अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेगी। दोनों ही राज्यों में वोटिंग को लेकर सारी तैयारी पूरी कर ली गई है। मतदान सुबह 7 बजे से शुरू होगा जो शाम 5 बजे तक चलेगा। सभी सीटों पर ईवीएम से ही मतदान होगा।












Click it and Unblock the Notifications